scriptDumper : डम्पर का उत्पात, बजरी खाली, कार को टक्कर मारी, आधा घंटे भगाते रहा | Patrika News
जोधपुर

Dumper : डम्पर का उत्पात, बजरी खाली, कार को टक्कर मारी, आधा घंटे भगाते रहा

– चार-पांच जगह नाकाबंदी तोड़ी, आधा दर्जन थानों की पुलिस को चकमा देता रहा चालक

जोधपुरMay 01, 2024 / 12:47 am

Vikas Choudhary

dumper driver

बासनी थाना पुलिस की गिरफ्त में डम्पर चालक।

जोधपुर.

अवैध बजरी से भरे एक डम्पर ने मंगलवार देर रात शहर में उत्पात मचा दिया। बासनी में दाऊजी की होटल के पास पुलिस ने रोकने का प्रयास किया तो चालक डम्पर भगा ले गया। बगैर रोके बीच सड़क पर बजरी खाली कर दी और एक कार को टक्कर भी मार दी। करीब आधा-पौन घंटे तक पुलिस को चकमा देने के बाद चौपासनी रोड पर देवनगर थाना पुलिस ने डम्पर व चालक को पकड़कर बासनी थाना पुलिस को सौंपा।
बासनी थानाधिकारी मोहम्मद शफीक खान ने बताया कि रात को बजरी से भरा एक डम्पर शहर में आया। दाऊजी की होटल के पास पुलिस ने उसे रोकने का इशारा किया, लेकिन चालक डम्पर को और तेजी से भगाने लगा। उसे पकड़ने के लिए शहरभर में नाकाबंदी करवाई गई। पुलिस के पीछा करने पर बगैर रूके चालक ने डीजल शेड रोड पर लिफ्ट ऊंची कर बजरी खाली कर दी। तेज रफ्तार व लापरवाही से चलाने के दौरान डम्पर ने एक कार को टक्कर मार दी। इससे कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। चालक के भी चोटें आईं। इसके बावजूद चालक ने डम्पर नहीं रोका। वह हड्डी मील, आइटीआइ सर्कल, वापस डीजल शेड रोड, हड्डी मील कॉलोनी के अंदर से होकर भगाने लगा। इससे वहां हड़कम्प मच गया। वह सरस डेयरी से आइटीआइ सर्कल पहुंचा, जहां शास्त्रीनगर थाना पुलिस ने डायल 112 गाड़ी आड़ी लगाकर रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक डम्पर को भगा ले गया। वह शास्त्री सर्कल, दल्ले खां की चक्की सर्कल, 12वीं रोड, बोम्बे मोटर्स, आखलिया सर्कल होकर चौपासनी रोड की तरफ जाने लगा। चौपासनी रोड पर नाले के पास देवनगर थाना पुलिस ने नाकाबंदी और वाहन आड़े तिरछे लगाकर डम्पर को रुकवा लिया। फिटकासनी निवासी चालक प्रेम बिश्नोई को हिरासत में लिया गया। डम्पर व चालक को बासनी थाना पुलिस के हवाले किया गया। देर रात एफआइआर दर्ज करने की कार्रवाई की जा रही थी।

Home / Jodhpur / Dumper : डम्पर का उत्पात, बजरी खाली, कार को टक्कर मारी, आधा घंटे भगाते रहा

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो