scriptअयोध्या में हुलिया बदलकर रामलला का दर्शन करने पहुंचा मोस्ट वांटेड बदमाश, पुलिस ने दबोचा | Patrika News
यूपी न्यूज

अयोध्या में हुलिया बदलकर रामलला का दर्शन करने पहुंचा मोस्ट वांटेड बदमाश, पुलिस ने दबोचा

साधु की वेशभूषा में अपनी तीन बेटियों के साथ मध्य प्रदेश का मोस्ट वांटेड बदमाश रामलला का दर्शन करने पहुंचा। बदमाश को पकड़ने के लिए पुलिस देश के अलग-अलग राज्यों में छापा मार रही थी।

अयोध्याMay 23, 2024 / 08:52 am

Mahendra Tiwari

Ayodhya news hindi

साधु के वेश में मोस्ट वांटेड बदमाश किशोर तिवारी
साधु के वेश में मोस्ट वांटेड बदमाश किशोर तिवारी

मध्य प्रदेश के मोस्ट वांटेड अपराधी किशोर उर्फ किस्सू तिवारी को एमपी और अयोध्या पुलिस के संयुक्त अभियान में गिरफ्तार कर लिया गया। किस्सू के ऊपर 55 हजार का इनाम घोषित था। वह पिछले 23 साल से फरार था। हरिद्वार में वह आश्रम बनाकर रह रहा था। अयोध्या अपनी बेटियों के साथ किस्सू दर्शन करने के लिए आया था।
मध्य प्रदेश का मोस्ट वांटेड बदमाश किशोर उर्फ किस्सू तिवारी हत्या और हत्या के प्रयास जैसे गंभीर अपराधों के आरोप है।अपराधों में संलिप्त 55 हजार रुपए का इनामी बदमाश पुलिस को चकमा देते हुए रामलला का दर्शन करने अयोध्या आया था। एमपी पुलिस इस बदमाश का पीछा कर रही थी। अयोध्या में एमपी पुलिस और अयोध्या पुलिस के सहयोग से बदमाश को दबोच लिया गया। मोस्ट वांटेड बदमाश किशोर तिवारी की गिरफ्तारी के लिए पांच टीम में लगाई गई थी। जो देश के अलग-अलग स्थान पर दबिश दे रही थी। मध्य प्रदेश पुलिस को किस्सू तिवारी की सरगर्मी से तलाश थी। लेकिन किस्सू लंबे समय से पुलिस की पहुंच से दूर था। हाई कोर्ट ने अपराधी के गिरफ्तारी के लिए एसपी को 48 घंटे का समय दिया था। किस्सू तिवारी को गिरफ्तार कर मध्य प्रदेश पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।

अपराध से 40 वर्ष पुराना नाता, 55 हजार का था इनाम

पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक बदमाश किस्सू तिवारी का अपराध से लगभग 40 वर्ष पुराना नाता है। किशोर उर्फ किस्सू तिवारी ने वर्ष 1979 में पहला अपराध किया था। तब से वह अपराध करने से पीछे नहीं हटा। किशोर पुलिस के पकड़ में आने के बाद बार-बार फरार हुआ था। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक किस्सू वर्ष 1992 में फरार हुआ था। इसके बाद वर्ष 2015 में पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया था। कुछ दिन जेल में रहने के बाद बदमाश पुनः फरार हो गया। किशोर उर्फ किस्सू तिवारी अपनी पहचान छुपाने के लिए साधु महात्मा के जैसा वेशभूषा बना कर रहता था। जिससे वह पुलिस के नजर से बचा रह सके। उसके वेशभूषा से उसके शातिर होने का अनुमान भी लगाना मुश्किल होता है।
Ayodhya Hindi News : अयोध्या की ताजा खबर

बताया जाता है कि किस्सू अपने फरारी के दौरान जयपुर, हरिद्वार, हिमाचल और उत्तराखंड राज्य के अलग-अलग स्थान पर रहा है।किस्सू के गिरफ्तारी को लेकर मध्य प्रदेश की कटनी पुलिस ने दस हजार रुपए इनाम घोषित किया था। जिसमे 20 हजार रुपए का आईजी ने बढ़ोत्तरी करते हुए 30 हजार रुपए कर दिया था। किस्सू पर जबलपुर पुलिस ने 25 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की थी। इस प्रकार किस्सू तिवारी पर कुल 55 हजार रुपए इनाम था। इंदौर, जबलपुर और कटनी में किस्सू तिवारी के खिलाफ तमाम आपराधिक मामले दर्ज हैं। वही कटनी हत्या के मामले में अदालत ने स्थाई वारंट भी जारी किया था। जबलपुर पुलिस में यह हत्या का आरोपी है। वहां भी इसके खिलाफ वारंट जारी है। जिसकी सुनवाई हाई कोर्ट में चल रही है।

Hindi News/ UP News / अयोध्या में हुलिया बदलकर रामलला का दर्शन करने पहुंचा मोस्ट वांटेड बदमाश, पुलिस ने दबोचा

ट्रेंडिंग वीडियो