scriptमायावती ने इस नेता को निकाला पार्टी से बाहर, गठबंधन के बाद बसपा से जुड़ी बड़ी खबर | Mayawati expel Shiv Kumar Singh from Bahujan Samaj Party | Patrika News
सुल्तानपुर

मायावती ने इस नेता को निकाला पार्टी से बाहर, गठबंधन के बाद बसपा से जुड़ी बड़ी खबर

सपा-बसपा गठबंधन के बाद मायावती के इस फैसले ने मचाया हड़कंप…

सुल्तानपुरJan 20, 2019 / 11:54 am

नितिन श्रीवास्तव

Mayawati expel Shiv Kumar Singh from Bahujan Samaj Party

मायावती ने इस नेता को निकाला पार्टी से बाहर, गठबंधन के बाद बसपा से जुड़ी बड़ी खबर

सुल्तानपुर. लोकसभा चुनाव की तैयारियों में जुटी बसपा ने सपा के साथ गठबंधन कर भले ही भाजपा को कड़ी टक्कर देने की तैयारी कर ली हो, लेकिन अभी भी पार्टी के अंदर मचे घमासान से छुटकारा नहीं मिल सका है। खबरों के मुताबिक बसपा के अंदर अभी भी कई ऐसे नेता मौजूद हैं जो पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल हैं।
इस नेता को पार्टी ने दिखाया बाहर का रास्ता

इसी क्रम में अब जिला पंचायत अध्यक्ष उषा सिंह के प्रतिनिधि और उनके पति शिव कुमार सिंह को बसपा ने फिर पार्टी से निकाल दिया। शिव किमार सिंह अभी दिसंबर में ही बसपा में शामिल हुए थे। शिव कुमार सिंह के खिलाफ यह कार्रवाई मंडल कोऑर्डिनेटर के आदेश पर जिला अध्यक्ष सुरेश कुमार गौतम ने की। जिसके बाद राजनीतिक गलियारे में हड़कंप मच गया।
मायावती के निर्देश पर फैसला

वहीं इस कार्रवाई के बाद बसपा जिलाध्यक्ष सुरेश कुमार गौतम ने बताया कि पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती के निर्देश पर मुख्य जोन इंचार्ज फैजाबाद त्रिभुवन दत्त ने शिवकुमार सिंह को पार्टी से निकाला है। उनके ऊपर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप है। उन्होंने बताया कि वह पिछले महीने ही बसपा में शामिल हुए थे। इसके पहले भी वह बसपा में रह चुके हैं। जिलाध्यक्ष ने बताया कि अपनी पत्नी ऊषा सिंह को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ाने के लिए उन्होंने बसपा छोड़ी थी। सपा में शामिल होकर उन्होंने अपनी पत्नी को जिला पंचायत अध्यक्ष का चुनाव लड़ाया था।
नेताओं के गले नहीं उतर रहा यह फैसला

वहीं जिले के राजनीतिक पंडितों खासतौर पर गठबंधन के समर्थकों को यह फैसला कतई गले नहीं उतर रहा। बताते चलें शिव कुमार सिंह जिले में बहुजन समाज पार्टी के कद्दावर नेताओं में जाने जाते हैं। इसौली विधानसभा में मजबूत पकड़ के साथ-साथ जिले भर में उनके हजारो समर्थक मौजूद हैं। यही नहीं जिले में शिव कुमार सिंह की छवि एक सरल स्वभाव के अग्रणी समाजसेवी के साथ धनाढ्य व्यक्ति की है। निष्कासन की सूचना के बाद सक्रिय सूत्रों के अनुसार हाल ही में बसपा में शामिल हुए एक बाहुबली विधायक के इशारे पर प्रदेश अध्यक्ष और मंडल कोऑर्डिनेटर ने जिलाध्यक्ष को इन पर पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए बाहर करने का निर्देश जारी किया था।

जिले के कई दिग्गज छोड़ चुके बसपा का दामन

प्रदेश के कद्दावर नेताओं में शुमार मायावती सरकार में पर्यटन राज्यमंत्री रहे विनोद सिंह, बसपा कैडर के बड़े नेता पूर्व विधायक भगेलूराम, जयसिंहपुर से विधायक रहे पूर्व मंत्री ओपी सिंह, राजमणि वर्मा के बसपा से बाहर होने से पार्टी काफी कमजोर हुई है। बसपा से बाहर हुए नेताओं विनोद सिंह, ओपी सिंह, भगेलूराम और शिवकुमार का गठजोड़ आगामी लोकसभा चुनाव में गठबंधन की हवा निकालने के लिए काफी होगा।
निष्कासित थाम सकते है कमल का साथ

भाजपा के खेमे में शिवकुमार सिंह के बाहर होने से खुशी का माहौल है। भारतीय जनता पार्टी के जिले के एक कद्दावर नेता ने कहा कि भाजपा सुल्तानपुर में विजय पताका फहराएगी। आगामी कुछ दिनों में कई दिग्गजों ने भाजपा में शामिल होने की ओर इशारा कर दिया है।
कांग्रेस ने भी कसी कमर

कांग्रेस भी सुल्तानपुर की सीट को लेकर सक्रिय हो गई है। यहां पर क्षत्रिय प्रत्याशी के रूप में एक बार फिर डॉक्टर संजय सिंह की दावेदारी चर्चा में है, तो जातिगत और फील्ड सर्वे के बाद पिछड़ा वर्ग से प्रत्याशी उतारने पर दिल्ली में बैठे नेताओं के बीच चर्चा शुरू हो गई है। प्रदेश अध्यक्ष राज बब्बर को भी सर्वे कर फरवरी के पहले सप्ताह तक रिपोर्ट देने को कहा गया है।
प्रगतिशील समाजवादी पार्टी प्रत्याशी कमला यादव होंगी बड़ा फैक्टर

प्रगतिशील समाजवादी पार्टी (लोहिया ) ने लोकसभा प्रत्याशी के रूप में जिला पंचायत सदस्य कमला यादव को प्रत्याशी बनाने का ऐलान कर दिया है। जिसके बाद वह सजातीय वोट सहेजने और पिछड़े वर्ग को साधने में जुट गईं हैं। लोकसभा चुनाव में यह बड़ा फैेक्टर साबित हो सकती हैं।

Home / Sultanpur / मायावती ने इस नेता को निकाला पार्टी से बाहर, गठबंधन के बाद बसपा से जुड़ी बड़ी खबर

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो