लगातार पड़ रही कड़ाके की ठंड के साथ मौसम विभाग ने राजधानी लखनऊ, सुलतानपुर, फैजाबाद समेत प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना जताई है। मौसम विभाग के अनुसार ऐसा दो पश्चिमी विक्षोभ बनने के कारण होना संभव हो रहा है। यह बारिश 24 दिसंबर से 26 दिसंबर के बीच होने की संभावना है।
आचार्य नरेन्द्रदेव कृषि एवं प्रद्योगिकी विश्वविद्यालय कुमारगंज अयोध्या के मौसम विज्ञानी डॉ अमरनाथ मिश्र के अनुसार 24 और 26 दिसंबर को एक के बाद दो पश्चिमी विक्षोभ विकसित होने से पूरे प्रदेश के मौसम में बदलाव देखने को मिलेगा। इसके बाद प्रदेश के कई जिलों में बारिश होने की संभावना है। जिसके चलते ठंड में इजाफा होगा। मौसम विभाग की संभावनाओं के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में आसमान में बादल छाए रहने और गरज चमक के साथ बारिश होने की संभावना है। प्रदेश के कई जिलों में 27 और 28 दिसंबर को भी बारिश होने की संभावना है।