scriptBJP NEWS: नए अध्यक्ष पर टिकी है सबकी निगाह | BJP NEWS: Everyone's eyes are on the new president | Patrika News
सूरत

BJP NEWS: नए अध्यक्ष पर टिकी है सबकी निगाह

30 नवम्बर तक होनी थी घोषणा, विलम्ब से कार्यकर्ताओं को भी होने लगी बैचेनी

सूरतDec 11, 2019 / 09:28 pm

Dinesh Bhardwaj

BJP NEWS: नए अध्यक्ष पर टिकी है सबकी निगाह

BJP NEWS: नए अध्यक्ष पर टिकी है सबकी निगाह

सूरत. गुजरात में भाजपा संगठन के सभी जिलों व महानगर इकाई में अहम अध्यक्ष पद पर नियुक्ति में हो रहे विलम्ब से अब पार्टी कार्यकर्ताओं में भी बैचेनी होने लगी है, वहीं जिला व महानगर इकाई में अन्य पदों के लिए स्वयं को उपयुक्त मानने वाले पदाधिकारी व कार्यकर्ताओं की मनोस्थिति भी कुछ ऐसी ही इन दिनों बनी हुई है।
प्रदेश में भाजपा संगठन चुनाव प्रक्रिया की शुरुआत बूथ समिति रचना से की गई थी और यह सिलसिला 11 सितम्बर से प्रदेशस्तर पर सभी जिलों में शुरू हुआ जो कि 30 सितम्बर तक चला। बूथ समिति के बाद मंडल समिति की गठन प्रक्रिया शुरू की गई और यह गतिविधि एक से 15 नवम्बर तक चली। इस दौरान प्रदेश की 580 में से 90 फीसदी मंडल समितियों का गठन किया गया। सूरत महानगर व जिला इकाई में भी नवम्बर के दौरान वार्ड समितियों का गठन किया जा चुका है और इसमें अध्यक्ष-महामंत्री पद पर कई कार्यकर्ताओं की नियुक्ति की गई।
BJP NEWS: भाजपा संगठन की चुनावी प्रक्रिया शुरू, अगले माह तय हो जाएगा नया अध्यक्ष

नवम्बर के तीसरे सप्ताह में ही महानगर व जिला इकाई के अध्यक्ष पद के दावेदारों को भी प्रदेश निरीक्षक मंडल ने सुना और तब जानकारी मिली थी कि 30 नवम्बर तक सूरत महानगर समेत दक्षिण गुजरात के सभी जिला इकाई को नए अध्यक्ष मिल जाएंगे, लेकिन दिसम्बर का दूसरा सप्ताह चल रहा है और फिलहाल पार्टी की ओर से अध्यक्ष पद पर नई नियुक्ति के कोई संकेत नहीं है।
नागरिकता बिल पर बोले अमित शाह, मुसलमानों को चिंता करने की जरूरत नहीं

30 नवम्बर बीतने के बाद अध्यक्ष पद के दावेदारों समेत अन्य पदों पर नियुक्ति की मंशा रखने वाले कार्यकर्ताओं में भी नई घोषणा को लेकर बैचेनी बनी हुई है।

14-15 तक नहीं तो लम्बी टलेगी नियुक्ति


पार्टी सूत्रों ने बताया कि गुजरात विधानसभा में शीतकालीन सत्र बुधवार को पूरा हुआ वहीं, लोकसभा का शीतकालीन सत्र शुक्रवार को खत्म होगा। इससे पहले नए अध्यक्षों की नियुक्ति पर संदेह है हालांकि 14-15 दिसम्बर तक नियुक्ति की पूरी संभावना भी जताई है। इसकी वजह में बताया कि 16 दिसम्बर से धनुर्मलमास शुरू हो जाएगा और भाजपा हर बार इस अवधि में कुछ भी नया करने सेे सदैव बचती रही है। पार्टी सूत्रों ने यहां यह भी बताया कि प्रदेश नेतृत्व की सिफारिश पर केंद्रीय नेतृत्व ने नए अध्यक्षों के नामों पर धनुर्मलमास की अवधि में मुहर लगा भी दी तो नए पदाधिकारी पदभार मकर संक्रांति के बाद ही संभालेंगे।

केंद्रीय नेतृत्व के बगैर पत्ता नहीं हिलता


भाजपा के संगठन पर्व की चुनावी प्रक्रिया में कहने को वार्ड व मंडल स्तर की नियुक्ति में महानगर व जिले की और महानगर व जिले में नियुक्ति की जिम्मेदारी प्रदेश नेतृत्व की कही जाती है। लेकिन इसके ठीक विपरीत गुजरात प्रदेश में सच्चाई यह है कि यहां हर छोटी-बड़ी नियुक्ति में केंद्रीय नेतृत्व की स्वीकृति की जरूरत पार्टी सूत्र बताते है। उनके मुताबिक हाल की नियुक्तियों में जो विलम्ब चल रहा है उसमें भी यहीं कारण मुख्य है, क्योंकि भाजपा का केंद्रीय नेतृत्व पहले काफी समय तक महाराष्ट्र सरकार गठन में उलझा हुआ था और उसके बाद लोकसभा में सत्र शुरू हो गया जो शुक्रवार को पूरा होगा।

अध्यक्ष तो ठीक अन्य पद के दावेदार भी बैचेन


भाजपा संगठन में फिलहाल प्रदेशभर में जिला व महानगर इकाई में अध्यक्ष पद पर किसी तरह की नियुक्ति नहीं हो पाई है, इससे सभी दावेदारों में बैचेनी है। लेकिन, इनसे भी ज्यादा बैचेनी उन दावेदारों में बनी हुई है जो कि जिला व महानगर इकाई में अध्यक्ष पद पर नियुक्ति के बाद टीम में महामंत्री, उपाध्यक्ष, मंत्री समेत अन्य पदों के लिए दावेदारी जताने की मंशा रखते है। अध्यक्ष समेत करीब 15 पदाधिकारियों की टीम में शामिल होने के लिए सूरत महानगर में भाजपा के दर्जनों कार्यकर्ता अलग-अलग लॉबिंग के जरिए सक्रियता बनाए हुए है। इसमें अगले वर्ष होने वाले सूरत महानगरपालिका चुनाव भी अहम बने हुए है।

Home / Surat / BJP NEWS: नए अध्यक्ष पर टिकी है सबकी निगाह

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो