SURAT NEWS: बारिश होने से खरीफ फसलों को लाभ
तेजी से वृद्धि कर रही धान, दलहन और चारे वाली फसलें
SURAT NEWS: बारिश होने से खरीफ फसलों को लाभ
सिलवासा. रोजाना बारिश होने से खरीफ की फसलों का लाभ पहुंचा है। मैदानी क्षेत्रों में धान, दलहन और चारे वाली फसलें तेजी से वृद्धि कर रही हैं। इस बार सरकारी समर्थन मूल्य बढऩे से खेतों में धान, अरहर, मंूग, नागली, मंूगफली, ज्वार आदि की जमकर बुवाई हुई है। दपाड़ा, आंबोली, खेरड़ी, खानवेल, आंबोली, नरोली में धान की फसल बढक़र डेढ़ से एक से डेढ़ फीट लम्बी हो गई हैं। बारिश की अधिकता से मूंग की फसल अपेक्षा से अधिक वृद्धि देखी जा रही है।
रविवार को दिन में रुक रुककर बौछारें गिरती रहीं। बौछारें गिरने से सोसायटियों में कीचड़ व गंदगी का माहौल बना हुआ है। निचले जगहों पर स्थायी रूप से ताल-तलैया बन गए हंैं। सब्जी मार्केट में दलदल और कीचड़ से ग्राहक परेशान हैं। नदी नालों का जलस्तर कम नहीं हो रहा है। सिंदोनी, मांदोनी, खेरड़ी में बारिश से झरने तेजी से बह रहे हैं। पहाड़ी क्षेत्रों में बने सीढ़ीनुमा खेतों की मेड़ टूट गई है। यहां तराई वाले खेतों में पानी जमा हुआ है। खानवेल संभाग में बारिश ने नदी नालों में जलस्तर बढ़ा रखा है। डुंगरखाड़ी व साकरतोड़ ऊपर तक बह रही है। बाढ़ नियंत्रण केन्द्र के अनुसार 24 घंटे में 32 मिमी बारिश हुई है। अब तक शहर में कुल बारिश 2503 तथा खानवेल में 2728 मिमी रिकॉर्ड की गई है। मधुबन डेम का जलस्तर 74 मीटर छू रहा है। लक्ष्य के मुताबिक15 अगस्त तक डेम में 74 मीटर तक पानी भरा जाना है। फिलहाल डेम से 18 हजार क्यूसेक की दर से पानी डिस्चार्ज किया जा रहा हैं। दमणगंगा में पानी भरने से अथाल घाट पर बने रिवर फ्रंट की साफ सफाई हो गई है। घाट की शोभा बढ़ गई है। नदी पर बने सभी कोजवे पानी से डूब गए हैं। बिन्द्राबीन, दपाड़ा, कौंचा, अथाल, कराड़ में एक मीटर ऊंची चादर चल रही है। वर्तमान में डेम के दो गेट डेढ़ मीटर खुले हैं। खानवेल विस्तार में बारिश ज्यादा हो रही है।
Hindi News/ Surat / SURAT NEWS: बारिश होने से खरीफ फसलों को लाभ