तृणमूल कांग्रेस उम्मीदवार पार्थ भौमिक के समर्थन में बिहार के भोजपुरी गायक व स्टार खेसारी लाल यादव ने शनिवार सुबह रोड शो के दौरान लोगों को लुभाया। डीजे सिस्टम पर भोजपुरी गीत बज रहे थे। पार्टी समर्थक नृत्य कर रहे थे। खेसारी लाल ने टीटागढ़ में रोड शो किया। टीटागढ़ और जगदल के विभिन्न इलाकों में रोड शो के साथ रैली निकाली गई। रैली में तृणमूल कांग्रेस कार्यकर्ता व समर्थकों के साथ भारी संख्या में भीड़ उमड़ी। रैली में खेसारी लाल यादव के साथ तृणमूल कांग्रेस प्रत्याशी पार्थ भौमिक, बैरकपुर विधायक राज चक्रवर्ती, जगदल के विधायक सोमनाथ श्याम समेत कई तृणमूल कांग्रेस नेता शामिल थे। खेसारी ने भौमिक के समर्थन में प्रचार किया।
बैरकपुर में भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह का सामना पार्थ से
राज्य के औद्योगिक क्षेत्र वाली सात लोकसभा सीटों पर पांचवें चरण के तहत मतदान को लेकर प्रचार अभियान की आंधी शनिवार शाम छह बजे समाप्त हो गई। आखिरी दिन सभी दलों ने प्रचार में ताकत झोंक दी। इस चरण में 1.25 करोड़ से अधिक मतदाता कुल 88 उम्मीदवारों के चुनावी भाग्य का फैसला करने के लिए अपने मताधिकार का इस्तेमाल करेंगे। मतदान में केंद्रीय अर्धसैनिक बलों की अब तक की सबसे अधिक लगभग 800 कंपनियां तैनात की गई हैं। 20 मई को होने वाले मतदान को लेकर चुनाव आयोग सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम कर रहा है। उत्तर 24 परगना जिले के बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी अर्जुन सिंह दूसरी बार चुनावी मैदान में हैं। उनका सीधा मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार और राज्य के मंत्री पार्थ भौमिक से है। बनगांव लोकसभा क्षेत्र से केन्द्रीय मंत्री शांतनु ठाकुर दूसरी बार भाजपा उम्मीदवार हैं और उनका मुकाबला तृणमूल कांग्रेस के विश्वजीत दास से। दोनों मतुआ समुदाय से आते हैं।
सबसे अधिक 15 उम्मीदवार बनगांव में
कुल एक करोड ़25 लाख 23 हजार 702 मतदाताओं में महिला मतदाताओं की संख्या 61 लाख 72 हजार 34 है। सबसे अधिक 15 उम्मीदवार उत्तर 24 परगना के बनगांव लोकसभा में और सबसे कम 10 उम्मीदवार हुगली जिले के आरामबाग लोकसभा के मैदान में हैं। सबसे अधिक 19 लाख 26 हजार 645 मतदाता श्रीरामपुर लोकसभा में और इसी क्षेत्र में सबसे अधिक नौ लाख 53 हजार 855 महिला मतदाता भी हैं। बैरकपुर लोकसभा क्षेत्र में सबसे कम 15 लाख आठ हजार 728 मतदाता हैं और इस क्षेत्र में ही सबसे कम सात लाख 39 हजार 505 महिला मतदाता भी हैं।