वलसाड. कुछ दिन पहले मूसलाधार बरसात हुई, लेकिन उसके बाद से बरसात बंद हो गई। एक सप्ताह से बरसात के विराम लेने पर तापमान के साथ किसानों की चिंता भी बढ़ रही है। खेतों में पानी नहीं होने से उन्हें परेशानी हो रही है। आसमान को देखते हुए कई दिनों तक बरसात न होने की अनुमान लगा रहे हैं। इसी तरह आगे भी मानसून खाली निकलने की आशंका से किसान चिंतित हैं। पहली बरसात में रोपाई करने के बाद अब पानी के लिए किसान आसमान की ओर देख रहे हैं। समय पर पानी न मिलने से बुआई खराब होने की आशंका है। किसान जल्द से जल्द बरसात होने की प्रार्थना कर रहे हैं। बरसात न होने से पारा भी 35 डिग्री तक पहुंच गया है।
वलसाड. सिटी पुलिस ने पुलिस क्वार्टर परिसर में दो सौ से ज्यादा पौधों का रोपण किया और लोगों को वृक्ष उगाओ धरती बचाओ का संदेश दिया। पर्यावरण जागरुकता के तहत पूरे जिले में पौधारोपण कार्यक्रम चल रहा है। इसके अंतर्गत सिटी पीआई और पुलिस स्टाफ ने थाने के पीछे स्थित पुलिस क्वार्टर्स में दो सौ से ज्यादा पौधे लगाए। लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करते हुए ज्यादा से ज्यादा पेड़ उगाने का आह्वान किया गया। इस अवसर पर पुलिस कर्मियों ने अपने निवास क्षेत्रों में भी पौधे लगाकर धरती को हरा-भरा बनाने का संकल्प लिया।