scriptमानसून की पहली बारिश ने तर हुआ शहर, सड़कों पर भरा पानी | Monsoon gave a strong knock | Patrika News
टीकमगढ़

मानसून की पहली बारिश ने तर हुआ शहर, सड़कों पर भरा पानी

दिन भर हुई बारिश ने पहुंचाई लोगों को राहत, पारे में आई गिरावट

टीकमगढ़Jul 03, 2019 / 09:17 pm

anil rawat

Monsoon gave a strong knock

Monsoon gave a strong knock

टीकमगढ़. देर आए, दुरूस्त आए की तर्ज पर बुधवार को मानसून ने अपनी जोरदार दस्तक दे दी। पूरे जिले में हुई झमाझम बारिश ने लोगों को खासी राहत पहुंचाई। सुबह से शुरू हुआ बारिश का क्रम पूरे दिन चला। पूरे दिन हुई बारिश के बाद सड़कों पर पानी भर गया और नालियों का कचरा सड़कों पर आ गया। दिन भर हुई बारिश के जिला मुख्यालय पर लगभग एक इंच बारिश दर्ज की गई।


पूरे जून के माह गर्मी की तपिश से बेहाल हुए लोगों को बुधवार को दिन राहत की फुहार लेकर आया। बुधवार को मानसून की पहली बारिश ने लोगों की सारी उम्मीद पूरी कर दी। अल सुबह से शुरू हुई बारिश 9 बजे के लगभग कुछ थमी तो एक बार लोगों को लगा कि अब फिर से वही उमस भरा मौसम होगा। लेकिन कुछ ही देर में फिर से आसमान से रिमझिम फुहार शुरू हो गई। बारिश का यह दौर पूरे दिन चला। कभी तेज तो कभी थम-थम कर हो रही बारिश ने लोगों को खासी राहत पहुंचाई। यह पानी पूरे जिले में दिखाई दिया। बुधवार को पूरे जिले में मानसून सक्रिय रहा और पानी बरसता रहा।

 

पारे में लगाया गोता: इस बारिश का असर तापमान पर भी दिखाई दिया। बुधवार को पूरे दिन हुई बारिश के बाद तापमान ने सीधे 10 डिग्री सेल्सियस का गोता लगा लिया। मंगलवार को दिन का अधिकतम तापमान जहां 38.5 डिग्री था, वहीं बुधवार को यह 28.5 डिग्री पर पहुंच गया। बुधवार को हुई बारिश ने लोगों की सारी उमस और गर्मी को दूर कर दिया। दिन के तापमान में आई गिरावट का असर बुधवार की रात के तापमान पर भी पड़ेगा और इसमें गिरावट आएगी।


सड़कें हुई तरबतर: मानसून की पहली बारिश ने ही शहर की सड़कों को तर कर दिया। पूरे दिन हुई बारिश के बाद शहर के कई स्थानों पर सड़कें जलमग्र हो गई। शहर में नगर भवन, गांधी चौराहा, सिविल लाईन, पुलिस कंट्रोल रूम के सामने, कलेक्ट्रेट बंगाल के पास सहित अनेक स्थानों पर सड़कों पर पानी जमा हो गया।

 


सड़कों पर आई नालियां: बुधवार को हुई पहली बारिश ने नपा के स्वच्छता अभियान की भी पोल खोल कर रख दी। बारिश के पानी से ओवर-फ्लो हुई नालियों का पूरा कचरा शहर की सड़कों पर आ गया। इस कचरें में पॉलीथिन, डिस्पोजल सहित तमाम चीजें थे। सड़कों पर आए इस कचरें को देखकर अंदाजा लगाया जा सकता था कि इन नालियों की महिनों से सफाई नही हुई हैं। सिविल लाइन सहित पूरे नगर में अनेक स्थानों पर नालियों का यह कचरा फैला रहा।


2 इंच पहुंचा औसत बारिश का आंकड़ा: बुधवार को पूरे जिले में हुई बारिश के बाद औसत बारिश का आंकड़ा 2 इंच पर पहुंच गया हैं। टीकमगढ़ एवं निवाड़ी जिले की कुल बारिश मिलाकर अब तक 51 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी हैं। बुधवार को भी सर्वाधिक बारिश निवाड़ी में 134 मिमी दर्ज की गई। इसके बाद पृथ्वीपुर में 84, जतारा में 40, ओरछा में 32, खरगापुर में 21 एवं टीकमगढ़ में 19 मिमी बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग की माने तो बारिश का यह क्रम अभी जारी रहेगा।

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो