
हादसों को आमंत्रण दे रहे हैं जगह-जगह झूलते तार, शिकायत के बाद भी विभाग नही दे रहा ध्यान
राजमहल. विद्युत वितरण निगम देवली के कार्मिकों की अनदेखी के चलते कस्बे में जगह-जगह काफी नीचे तक झूलते तार हादसे को आमंत्रण दे रहे हैं। इन झूलते तारों के बारे में ग्रामीणों की ओर से निगम के अभियंताओं को बार-बार अवगत करवाने के बाद भी कोई कार्यवाही नहीं की जा रही है।
ग्रामीणों ने बताया कि कस्बे के बीसलपुर चौराहे के पास खेतों में महज जमीन से 5 फीट की ऊंचाई तक 11 केवी विद्युत लाइन के तार झूल रहे हैं। जहां कभी भी किसान परिवार हादसे का शिकार हो सकते हैं। इसी प्रकार कस्बे के छतरी चौराहे पर11 केवी विद्युत लाइन का खम्भा नीचे से क्षति ग्रस्त होकर गिरने के कगार पर है, जिसको ग्रामीणों ने सैनी समाज मंदिर के गुम्बद से बांधकर रोक रखा है।
इस खम्भे के तार भी काफी नीचे तक झूल रहे हैं। ग्रामीणों ने कई मर्तबा निगम के कार्मिकों को अवगत करवाया, लेकिन कोई ध्यान नहीं दिया गया। इसी प्रकार संथली रोड, तुमीपुरा आदि जगहों पर विद्युत वितरण निगम की लापरवाही के चलते झूलते तार हादसे को आमंत्रण दे रहे हैं।
इसी प्रकार गांवडी गांव के सब ग्रिड स्टेशन से लेकर राजमहल तक गुजर रही विद्युत लाइन लाइन पर आए दिन बनते फाल्ट को लेकर दिन भर विद्युत व्यवस्था बंद रहती है, जिससे उपभोक्ताओं को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। शुक्रवार को भी इसी प्रकार अल सुबह 3 बजे से विद्युत आपूर्ति बंद हुई जो दोपहर तक शुरू नहीं हो पाई जिसको लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बनी हुई है।
करंट से वृद्ध की मौत
लाम्बाहरिसिंह. क्षेत्र के संवारिया गांव में विद्युत खम्भे में प्रवाहित करंट को छूने से वृद्ध की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों ने दूरभाष पर निगम कर्मचारियों को हादसे की सूचना देकर आपूर्ति बंद कराई। पुलिस सहायक उपनिरीक्षक बनवारी ने बताया कि मृतक संवारिया निवासी उगमा(60) पुत्र गंगााराम भील है। चिकित्सकों ने पोस्टमार्टम कर शव अन्तिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिया। हादसे को लेकर मृतक के पुत्र राजू ने मामला दर्ज कराया।
Published on:
31 Aug 2019, 1:36 PM IST
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.