scriptसियासी तीर के बीच रैन बसेरा और एप का लोकार्पण | Between political Arrow Night Shelter and released App | Patrika News
होशंगाबाद

सियासी तीर के बीच रैन बसेरा और एप का लोकार्पण

नगरपालिका द्वारा बस स्टैंड पर निर्मित रैन बसेरा और जन समस्याओं के
निराकरण के लिए तैयार एप का लोकार्पण बुधवार दोपहर नगरीय प्रशासन मंत्री
लालसिंह आर्य और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने किया।

होशंगाबादDec 24, 2015 / 07:06 am

Sanket Shrivastava


होशंगाबाद। नगरपालिका द्वारा बस स्टैंड पर निर्मित रैन बसेरा और जन समस्याओं के निराकरण के लिए तैयार एप का लोकार्पण बुधवार दोपहर नगरीय प्रशासन मंत्री लालसिंह आर्य और विधानसभा अध्यक्ष डॉ. सीतासरन शर्मा ने किया। विस अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने जहां नपाध्यक्ष अखिलेश खंडेलवाल पर कटाक्ष किया। वहीं मंत्री आर्य ने नसीहत देने के साथ ही नपा को मशविरा भी दिया। मंच से चले इन सियासी तीर की कार्यक्रम के बाद भी खासी चर्चा रही। कार्यक्रम में शहर के महिला खिलाड़ी का सम्मान भी किया गया।
सड़क पर मूंगफली का छिलका फेंकोगे तो स्मार्ट कैसे बनोगे?
मंत्री आर्य ने कहा कि स्मार्ट और अमृत सिटी योजनाओं से नहीं बनती। इसमें नागरिकों का सहयोग जरूरी है। यदि लोग मूंगफली खाकर छिलका सड़क पर फेंकेंगे तो स्मार्ट शहर नहीं बन पाएगा। उन्होंने कहा कि चुनाव के दौरान हम घर-घर जाते हैं। नपा को भी साल में एक बार घर-घर जाने का कार्यक्रम बनाना चाहिए। वार्डवार शिविर लगाए जाने चाहिए, ताकि लोगों की समस्या का समाधन घर बैठे हो सके।
कार्यक्रम में विस अध्यक्ष ने शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड के पास निवास करने वाले 75 परिवारों को सुविधाएं देने की बात कही। साथ ही कहा कि आदमगढ़, बंगाली कॉलोनी के कुछ परिवार रेलवे की तीसरी लाइन के कारण विस्थापित होंगे। उनके लिए कुछ राशि दी जाए। इस पर मंत्री ने कहा, शहर विकास के लिए सरकार हर संभव मदद देगी। विस अध्यक्ष यदि जनहित में कुछ मांगें तो मेरी क्या मजाल कि मैं इनकार कर सकूं। राशि की कोई कमी नहीं है, आप योजनाएं बनाएं। कार्यक्रम में विधायक विजयपाल सिंह, संपत मूंदड़ा, हरि जायसवाल, माया नारोलिया, जितेंद्र लिटौरिया, राजू चौकसे, अशोक कुशराम, अजय रतनानी, जितेंद्र तिवारी, प्रकाश शिवहरे, एडीएम एचएस मीना, सीएमओ पवन कुमार सिंह, एसडीएम रितु चौहान सहित पार्षद, अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे।
ये कहा विधानसभा अध्यक्ष ने
विस अध्यक्ष डॉ. शर्मा ने नपा अध्यक्ष खंडेलवाल पर कटाक्ष करते कहा, वे सीधे केंद्र से जुड़े हुए हैं। वे खुद राशि और विकास कार्य स्वीकृत करा लेते हैं। उन्हें इसके लिए मेरी मदद की जरूरत नहीं होती। वे हमें कार्यक्रम में बुला लेते हैं, ये उनकी कृपा है। खंडेलवाल ने 32 तबादले करा दिए। उनमें से हम केवल सात तबादले ही निरस्त करा सके हैं। इनमें से भी एक अभी बाकी रह गया। हालांकि बाद में उन्होंने नपा के कार्यों की सराहना भी की।
मंत्री भी नसीहत देने से नहीं चूके
मंत्री आर्य ने कहा, ये क्षेत्र का सौभाग्य है कि आपको विधानसभा अध्यक्ष जैसा पद मिला है। वटवृक्ष जितना बड़ा होता है, छाया भी उतनी ही मिलती है। सदन में डॉ. शर्मा के अंडर में 230 विधायक हैं। उनमें मंत्री और मुख्यमंत्री भी शामिल हैं। जनप्रतिनिधि का पद पांच साल के लिए ही होता है। इस दौरान ऐसे काम करें कि यह सिलसिला आगे बढ़ जाए। नपा के मोबाइल एप पर उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है, लेकिन किसी भी कार्यक्रम को सफल बनाना चुनौती होता है।
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो