
Ahmedabad: अहमदाबाद शहर में अब एक कॉल पर मकानों का मलबा हट सकेगा। महानगरपालिका (मनपा) के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेंट विभाग ने निर्माण और ध्वस्तीकरण (सी एंड डी) वेस्ट के वैज्ञानिक प्रबंधन के लिए नई व्यवस्था लागू की है। इसके लिए नागरिकों को अपने घर या व्यावसायिक स्थल पर पड़े मलबे को ठिकाने लगाने की जरूरत नहीं होगी।जोन कंट्रोल रूम से संपर्क करते ही मनपा की टीम राहत शुल्क पर घर से ही मलबा उठाकर निर्धारित स्थल पर ले जाएगी।
मनपा के सॉलिड वेस्ट मैनेजमेेंट विभाग के अनुसार इस पहल से धूल प्रदूषण कम होगा और वायु गुणवत्ता सुधरेगी। दूसरी ओर सार्वजनिक मार्गों या खुले प्लॉट पर निर्माण मलबा डालने वालों पर सख्त कार्रवाई होगी। इसके लिए सभी सात जोन में कुल 25 स्थान निर्धारित किए गए हैं, जहां नागरिक स्वयं के खर्च पर मलबा डाल सकते हैं। इन स्थलों पर निपटान हेतु कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।इसके अलावा, यदि निर्धारित समयावधि में शिकायत स्थल से मलबा नहीं हटाया गया तो संबंधित व्यक्ति से शुल्क और जुर्माना वसूला जाएगा। अवैध रूप से सड़क या सार्वजनिक स्थान पर मलबा डालने पर वाहन जब्ती तक की कार्रवाई की जाएगी। इस अभियान की निगरानी के लिए मनपा ने स्वच्छता स्क्वॉड गठित किया है, जो सातों ज़ोन में लगातार जांच करेगा।
सी एंड डी वेस्ट के सुरक्षित प्रबंधन के लिए आधुनिक कलेक्शन सेंटर भी बनाए गए हैं। इन केंद्रों पर मिस्ट सिस्टम के जरिए पानी की सूक्ष्म बूंदों का छिड़काव किया जाता है, जिससे धूल और कण वातावरण में फैलने से रुकते हैं। इससे वायु प्रदूषण में कमी आएगी और शहर की वायु गुणवत्ता बेहतर होगी।