बस्सी @ पत्रिका. जयपुर ग्रामीण इलाके में भारी बरसात का दौर रविवार को भी चलता रहा। जमवारामगढ़ बांध पर सवा 4 इंच ( 108 एमएम ) बरसात बरसी, इससे बांध के पेटे में पानी की आवक हो गई। बांध में जिस स्थान पर श्रमदान किया था, वहां पर पानी की आवक हो गई।
बांध पर पिछले दिनाें से कत्रिम बरसात कराने का प्रयास जारी था, इस बीच शनिवार रात को इंदर देव ने ही बांध पर भारी बरसात कर दी। इससे बांध के पेटे में पानी की आवक हो गई। उल्लेखनीय है कि रामगढ़ बांध में इस वर्ष श्रमदान के बाद बरसात के सीजन में पहली बार बरसात के पानी की आवक हुई है।
यहां इतने बरसे मेघ…..
जयपुर ग्रामीण इलाके में चौथे दिन रविवार को भी बस्सी, चाकसू एवं जमवारामगढ़ उपखण्ड इलाकों में कहीं मध्यमगति की तो कहीं भारी बरसात का दौर जा रहा। बरसात से लोगाें का जनजीवन प्रभावित रहा। जमवारामगढ़ बांध पर रविवार शाम 5 बजे तक पिछले 24 घंटे 4 इंच 8 एमएम ( 108 एमएम ) बरसात होने से बांध के पेटे में पानी की आवक हो गई। वहीं जमवारामगढ़ शहर में 73, चाकसू में 58, आंधी में 45 एमएम, बस्सी में भी 36 एमएम व कोटखावदा में 21 एमएम बरसात हो गई। इधर भारी बरसात से लोगों का जनजीवन प्रभावित हो गया।
इधर भारी बरसात को देखते हुए जयपुर जिला कलक्टर डॉ. जितेन्द्र सोनी ने 12 वीं तक की सभी सरकारी व गैर सरकारी स्कूलों में 2 दिन का अवकाश घोषित कर दिया। बरसात से नदी नालों में वेग से पानी बह रहा है तो लोगों के मकानों की छतों में पानी रसने लग गया है। ( कासं )