कौथून. तेजा मंडल व क्षेत्रवासियों के तत्वावधान में बुधवार को बछ बारस का मेला भरा। इस अवसर पर कस्बे में लोक देवता तेजाजी महाराज की झांकी सजाई गई। दादुदयाल मंदिर के पास महिलाओं ने गौमाता का तिलक व माल्यार्पण कर पूजन किया। कई महिलाओं ने आरती उतारी और गुड़ खिलाकर श्रद्धा प्रकट की।
इसके बाद परंपरा अनुसार महिलाएं एकत्रित होकर बछ बारस की कथा सुनने बैठीं और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। गौमाता पूजन के उपरांत लक्ष्मीनारायण मंदिर में सामूहिक रूप से गौमाता के लोकगीत व भगवान कृष्ण के भजनों की प्रस्तुतियां दी गई।
मेले में कैबिनेट मंत्री कन्हैयालाल चौधरी, विधायक रामावतार बैरवा, जाट समाज अध्यक्ष मदनलाल चौधरी, भामाशाह विजय पुनिया, बद्रीनारायण जाट, शाखा प्रबंधक मायाराम मीना, पूर्व विधायक रणवीर पहलवान सहित कई गणमान्य व्यक्तियों का साफा व माला पहनाकर स्वागत किया गया। मेले में बालाजी महाराज व भगवान शिव का पूजन, प्रतिभा सम्मान समारोह, सांस्कृतिक कार्यक्रम, धनेश्वर महादेव मंदिर में सामूहिक गौमाता पूजन, तेजाजी महाराज की बिंदोरी और तेजा गायन कार्यक्रम आयोजित हुए। आसपास के नैनवा, सांवलिया, महाजनपुरा, बड़ली, लदाना खुर्द सहित कई गांवों से ग्रामीण बड़ी संख्या में मेले में पहुंचे और धार्मिक व सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आनंद लिया।