11 मार्च 2026,

बुधवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

बस्सी

कोरम के अभाव में साधारण सभा स्थगित, फिर भी छाए बिजली – पानी के मुद्दे

विधायक ने अधिकारियों से कहा काम करो, नहीं तो धरना प्रदर्शन करेगी जनता बस्सी @ पत्रिका. पंचायत समिति बस्सी सभागार में शुक्रवार को प्रधान इंदिरा देवी शर्मा की अध्यक्षता में अयोजित होने वाली साधारण सभा कोरम के अभाव में स्थगित कर आगामी 6 जून को प्रस्तावि कर दी , लेकिन बस्सी विधायक एवं जन प्रतिनिधियों […]

Google source verification

विधायक ने अधिकारियों से कहा काम करो, नहीं तो धरना प्रदर्शन करेगी जनता

बस्सी @ पत्रिका. पंचायत समिति बस्सी सभागार में शुक्रवार को प्रधान इंदिरा देवी शर्मा की अध्यक्षता में अयोजित होने वाली साधारण सभा कोरम के अभाव में स्थगित कर आगामी 6 जून को प्रस्तावि कर दी , लेकिन बस्सी विधायक एवं जन प्रतिनिधियों ने बिजली , पानी सहित जनता से जुड़े हर मुद्दे पर विभागीय अधिकारियों से चर्चा की। चर्चा के दौरान उपखण्ड स्तरीय कई अधिकारियों ने जब जन प्रतिनिधियों के सवालों का संतोषजनक जवाब नहीं दिया तो गुस्साए विधायक लक्ष्मण मीना व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा नेता रामकेश मीना ने कहा कि अधिकारियों को बस्सी में रहना है तो काम तो करना पही पड़ेगा, नहीं तो जनता सड़कों पर आजाएगी, धरना प्रदर्शन करेगी। इन्होंने यहां तक कह दिया कि अधिकारी आराम से अपनी तनख्वा तो उठा लेेते हैं,लेकिन जनता के कार्य करने में लापरवाही बरत रहे हैं, यह बर्दास्त नहीं होगा।

जानकारी के अनुसार शुक्रवार को पंचायत समिति की साधारण सभा प्रस्तावित थी, लेकिन पंचायत समिति सभागार में 12 बजे तक कोरम पूरा नहीं हुआ तो विधायक लक्ष्मण मीना व अन्य जन प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कार्यवाहक पंचायत समिति विकास अधिकारी मुकेश कुमार बड़जात्या ने दोपहर 12. 13 बजे साधारण सभा स्थगित करने की घोषणा कर 6 जून 2025 को आगामी साधारण सभा आयोजित करने की तिथि निर्धारित कर दी।

इसके बाद विधायक लक्ष्मण मीना ने कहा कि साधारण सभा तो स्थगित कर दी, लेकिन जब यहां पर सभी अधिकारी मौजूद हैं, तो विभाग वार जनता की समस्याओं पर चर्चा ही कर ली लाए। सवा 12 बजे उपखण्ड अधिकारी ओम प्रकाश मीना भी सभा में आ गए थे। कार्यवाहक विकास अधिकारी मुकेश कुमार बड़जात्या ने बताया कि साधारण सभा में कोरम पूरी करने के लिए 19 सरपंच व पंचायत समिति सदस्य मौजूद रहने चाहिए थे, लेकिन मात्र 11 ही सदस्य आए, इससे सभा को स्थगित कर दिया।

चर्चा में बिजली- पानी समेत सभी विभागों के छाए मुद्दे…

साधारण सभा स्थगित करने के बाद सबसे पहले जलदाय विभाग से चर्चा शुरू की गई। विधायक मीना ने जलदाय विभाग एवं बीसलपुर परियोजना के अधिकारियों से बस्सी शहर एवं ग्रामीण इलाके में पेयजल पर चर्चा की। जवाब में जलदाय विभाग के सहायक अभियंता नन्द्किशोर मीना ने बताया कि शहर में पानी की किल्लत को देखते हुए दो नए बोरवेल खुदवाए हैं, जिनमें पानी भी मिल गया है, जिनको शीघ्र ही चालू कर दिया जाएगा। वहीं बीसलपुर परियोजना के अधिकारी ने निवाई पम्प हाउस पर बिजली बाधित होने से बस्सी में पानी की सप्लाई कम होना बताया।

इस पर विधायक ने कहा कि बीसलपुर परियोजना के अधिकारियों को विद्युत निगम के अधिकारियों से बात कर समस्या समाधान करने के निर्देश दिए। वहीं यह भी कहा कि बांसखोह इलाके में जो 13 ट्यूबवैल बंद पड़े हैं, यह क्यां मामला है, इनको चालू करवा जाए, ताकि लोगों को पानी की सुविधा मिल सके। एमएलए ने बीसलपुर परियोजना के अधिकारियों पर काम नहीं करने का भी आरोप लगाया। इधर जिला परिषद सदस्य रामकेश मीना ने विद्युत निगम के अभियंताओं पर सिंगल फेज बोरवेलों के कनेक्शन में लापरवाही बरतने का मुद्दा उठाया।

डिमाण्ड नोटिस ही अधिक राशि का बनाते हैं…

पंचायत समिति के कार्यवाहक विकास अधिकारी मुकेश कुमार बड़जात्या ने विद्युत निगम के अभियंताओं पर ग्राम पंचायतों में लगने वाले सिंगल फेज ट्यूबवैलों पर बिजली कनेक्शन के लिए डिमाण्ड नोटिस अधिक राशि के बनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि ग्राम पंचायतों के पास इतना बजट ही नहीं होता है, जिससे कि वे सवा- सवा लाख रुपए का डिमाण्ड नोटिस जमा करा दें। जिपस रामकेश मीना तो अपने साथ एक उपभोक्ता का बिजली का मीटर ही ले आए, और आरोप लगाया कि निगम अधिकारी लोगों को परेशान करते हैं। इस पर उपखण्ड अधिकारी ओम प्रकाश मीना ने विद्युत निगम अधिकारियों से कहा कि वे शाम तक ऐसे ट्यूबवैलों की सूची पंचायत समिति विकास अधिकारी के पास भेज दें , जिनके कनेक्शन पेंडिंग है।

स्टेगवायरों पर इंस्यूलेटर नहीं लगाए तो करंट के होंगे हादसे…

जिपस रामकेश मीना ने विद्युत निगम अभियंताओं से कहा कि उनके इलाके में जितने भी बिजली के खम्भे हैं, उन पर स्टेगवायर लगे हुए हैँ, जिनमें से अधिकांश खम्भों के स्टेगवायरों पर इंस्यूलेटर नहीं होने से करंट आने का खतरा रहता है। मीना ने बताया कि वे इस मुद्दे को कई बार उठा चुके हैं, लेकिन निगम कोई कार्रवाई नहीं करता है।

वन विभाग की जमीन ही नहीं तो सड़क निर्माण क्यों रोक रहा है…

पंचायत समिति में चर्चा में विधायक लक्ष्मण मीना ने एक मुद्दा उठाया कि नईनाथ धाम सैंकड़ों साल पुराना धार्मिक स्थल है। वहां

जाने वाली सड़क भी आजादी से पहले ही बन गई थी, जबकि वन विभाग की स्थापना 1964 में हुई थी, तो फिर वन विभाग यहां पर सड़क निर्माण क्यों रोक रहा है। इस सड़क की जमीन पीड्ल्यूडी की है तो फिर वन विभाग किस हक से रोड का निर्माण रोक रहा है। इस सम्बन्ध में वे वन मंत्री से भी मिल चुके हैं।

इन्होंने भी उठाए मुद्दे….

साधारण सभा स्थगित होने के बाद चर्चा के दौरान पंचायत समिति सदस्य जगदीश मीना ने उनके इलाके में सात टंकियां बनी हुई है, लेकिन उनमें कतई पानी नहीं भरा जाता है। बीसलपुर परियोजना का पानी नहीं आता है। इसी प्रकार घाटा सरपंच नीतू कुमारी मीना ने भी उनकी पंचायत में नियमित रूप से पानी नहीं आने एवं बिजली सप्लाई बाधित होने की बात कही। इसी प्रकार पड़ासोली सरपंच अशोक कुमार मीना, हंसमहल सरपंच रोहित महलावत, कचौलिया सरपंच कालूराम मीना, हीरावाला सरपंच, मोहनपुरा सरपंच कल्याण सहाय मीना सहित कई सरपंच व पंचायत समिति सदस्य मौजूद थे।

जिम्मेदार ही देरी से आए…

साधारण सभा वैसे तो कोरम के अभाव में स्थगित हो गई, लेकिन जिम्मेदार अधिकारी व जन प्रतिनिधि ही देरी से आए। 11 बजे से सभा शुरू होने का निर्धारित था, लेकिन पंचायत समिति प्रधान इंदिरा देवी शर्मा सभागार में 11.39 बजे आई। इसके बाद 11.47 बजे विकास अधिकारी मुकेश कुमार बड़जात्या आए। दोपहर 12.11 बजे विधायक लक्ष्मण मीना आए। दोहपर 12.15 बजे उपखण्ड अधिकारी ओम प्रकाश मीना आए। एक बजे सीबीईओलल्लूू लाल मीना सभा में पहुंचे। अन्य भी कई अधिकारी व जन प्रतिनिधि सभा में देरी से आए। हालांकि बीडियो ने कहा कि वे सभागार में 11 बजे आ गए थे, लेकिन कोई भी नहीं आया तो वे कार्यालय में चले गए थे। (कासं )