– दूधली में बने इस तालाब में गत वर्ष भी हो गया था रिसाव
दूधली (बस्सी ) @ पत्रिका. पंचायत इलाके के दूधली गांव में झर- ढोलकी सड़क मार्ग मॉडल तलाई रपट की दीवार में रिसाव आने से पानी निरंतर खाली होता जा रहा है। इस तालाब का रिवास इस सीजन में दो दिन पहले ही पानी की बम्पर आवक हुई थी। पानी भरने के बाद इसकी रपट की दीवार से पानी का रिसाव शुरू हो गया है, रिसाव को रोकने के लिए पंचायत प्रशासन ने कोई कदम नहीं उठाए हैं।
उल्लेखनीय है कि इस तालाब में गत वर्ष भी पानी की बम्पर आवक हुई थी, उस वक्त भी तालाब की रपट की दीवार से रिसाव हो गया था और पूरा तालाब खाली हो गया था। तालाब को खाली होने के बाद रिसाव की मरम्मत की थी, लेकिन अब तालाब पहली बार भरते ही रिसाव फिर से शुरू हो गया है। ग्रामीण शिवचरण शर्मा, राधेश्याम नारेड़ा, रामजीलाल, रमेश फौजी, लोकेश , गंगाधर व मुकेश प्रजापत आदि ने आराेप लगाया है कि यदि पंचायत गत वर्ष ही इस दीवार के रिसाव वाले स्थान की मजबूती से मरम्मत कर देती तो तालाब में अब रिसाव नहीं होता।
37 लाख खर्च फिर भी नहीं रुकता पानी…
दूधली के इस मॉडल तालाब का निर्माण में मनरेगा योजना में निर्माण हुआ है, जिसमें अब तक करीब 37 लाख रुपए का सरकार का खर्चा हो गया है, लेकिन तालाब में पानी नहीं ठहरता है। ग्रामीणों ने बताया कि यदि इस तालाब में बरसात का पानी रुक जाए तो दूधली व आसपास भूजल का स्तर बढ़ सकता है। भूजल स्तर बढ़ने से आसपास के कुएं व बोरवेलों में पानी का स्तर भी बढ़ सकता है।