No video available
जयपुर ग्रामीण के कालाडेरा थाना क्षेत्र के ग्राम डोलाकाबास में मानवता को शर्मसार करने वाला मामला सामने आया है। यहां मंगलवार सुबह मकान के आगे लगे टिनशेड पर नवजात शिशु मिला। सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर नवजात को कालाडेरा के राजकीय चिकित्सालय पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद जेके लोन अस्पताल जयपुर रैफर कर दिया। जहां से मंगलवार शाम गांधीनगर के राजकीय शिशु एवं बालिका गृह में भेज दिया।
आमजन की जुबानी
डोलाकाबास निवासी मुकेश शर्मा ने पुलिस को बताया कि वह सुबह सोकर उठा तो सुबह 6 बजे मकान की पहली मंजिल पर लगे टीनशेड से बिल्ली के बच्चे के रोने जैसी आवाज आ रही थी। उसने नजर अंदाज कर लिया, लेकिन बाद में लगातार रोने जैसी आवाज आती रही तो करीब 8 बजे छत पर चढ़कर देखा तो वहां टीनशेड पर नवजात शिशु रोता नजर आया, जिसे देखकर वह घबरा गया और शोर मचाया। इस पर आसपास के लोग जमा हो गए। नवजात नग्न और खून से लथपथ था। उसकी नाल भी लगी हुई थी। ग्रामीणों ने सरपंच सुल्तान बुनकर को अवगत करवाया। सरपंच ने कालाडेरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने नवजात शिशु को कालाडेरा के राजकीय चिकित्सालय में पहुंचाया।
जेकेलॉन अस्पताल किया रैफर
कालाडेरा अस्पताल में डॉ.सरदार सिंह यादव के नेतृत्व में सीनियर नर्सिगकर्मी रामलाल सैनी, नर्सिगकर्मी नीरज बुटोलिया, एनएनएम प्रियंका कुमारी ने नवजात के स्वास्थ्य की जांच व सार-संभाल की। बच्चे को नए कपड़े पहनाए। चिकित्सकों ने नवजात को 108 एंबुलेंस से जयपुर स्थित जेके लोन अस्पताल रैफर कर दिया। चिकित्सकों ने बच्चे को पूर्ण स्वस्थ बताया है।
पुलिस के लिए बना पहेली
मकान की पहली मंजिल लगे टीनशेड पर बच्चे को कौन और कैसे रखकर गया। यह जांच का विषय बना हुआ है, क्योंकि सीढ़ियों में भी गेट लगा हुआ है। इसके अलावा आसपास के मकानों से बच्चे को फेंकने या मकान के दूसरी तरफ से चढ़कर बच्चे को रखने की जांच पुलिस कर रही है। खुद मकान मालिक इस बात से हैरान है कि आखिर बच्चा पहली मंजिल तक कैसे पहुंचाया गया। इधर, हैड कांस्टेबल जगनलाल ने अस्पताल पहुंचकर नवजात को लेकर आए ग्रामीणों से घटना की जानकारी ली।
इनका कहना है…
डोलाकाबास में मिले नवजात शिशु को श्वास लेने में परेशानी हो रही थी। बच्चे की अस्पताल में देखभाल व स्वास्थ्य की जांच करने के बाद जयपुर स्थित जेके लोन अस्पताल रैफर कर दिया।
डॉ.सरदार सिंह यादव, प्रभारी, राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र, कालाडेरा
डोलाबास में नवजात शिशु मिलने की सूचना मिली थी, जिसके बाद नवजात की चिकित्सालय में स्वास्थ्य की जांच करवाने के बाद जेके लोन अस्पताल में भर्ती करवाया है, जहां से गांधीनगर के राजकीय शिशु एवं बालिका गृह में भेज दिया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
कमल सिंह, थानाप्रभारी, पुलिस थाना, कालाडेरा