No video available
बस्सी @ पत्रिका. शहर के जैन मंदिर में 9 सितम्बर को सात छत्र चोरी करने वाला चोर स्कूटी से आया और मंदिर में दिनदहाड़े प्रवेश कर मात्र पांच मिनट में सात छत्र चोरी कर फरार हो गया, जिसका मंगलवार शाम तक दूसरे दिन भी पुलिस पता नहीं लगा पाई। हालांकि मंदिर के सामने की दुकान पर लगे सीसीटीवी फुटेजों को आधार मान कर बस्सी थाना पुलिस चोर की तलाश में जुटी हुई है। हालांकि मंगलवार शाम तक पुलिस चोर तक नहीं पहुंच पाई। चोरी की वारदात से जैन समाज में आक्रोश है।
थाना प्रभारी राजीव यदुवंशी ने बताया कि बस्सी शहर के दिगम्बर जैन मंदिर में चोरी करने वाला चोर 9 सितम्बर दोपहर बाद सवा तीन बजे आया। मंदिर के सामने बैठे एक दुकानदार से उसने मंदिर के बारे में पूछा कि मंदिर खुला है या बंद। इसके बाद चोर मंदिर में प्रवेश कर गया और छत्रों को चोरी कर ले गया। जैन मंदिर चोरी से पहले मंदिर में रहने वाला व्यक्ति मंदिर के दरवाजे की कुंदी बंद कर गया था। मंदिर में सीसीटीवी कैमरे भी बंद थे। इधर दिन दहाड़े चोरी की वारदात से शहर में व्यापारी वर्ग एवं सामान्य लोग परेशान है।