No video available
जयपुर ग्रामीण. बारिश से क्षेत्र के आम रास्ते एवं सड़कें दरिया बनने से लोगों को आवागमन में परेशानी उठानी पड़ रही है। मूसलाधार बारिश से घरों में बरसात का पानी जमा हो गया। वहीं बिजली व्यवस्था ठप होने से ग्रामीणों को परेशानी हुई। वहीं डयोढ़ी में बीती रात 3 घंटे मूसलाधार बारिश के चलते गांवों में जल भराव की समस्या बनी हुई है। सिनोदिया गांव में तालाब ओवरफ्लो होने से सिनोदिया व आस के घरों, स्कूल, ढाणियों में बाढ़ जैसे हालात बन गए है। गांव में आवागमन के लिए सभी मार्ग बंद है। घरों में दो से तीन फिट तक पानी भराव होने से मकानों में दरारें आ गई है। बिजली आपूर्ति ठप होने से जनजीवन अस्त व्यस्त हो गया।
आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत उपकरण जले
महलां में आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत उपकरण जल गए। महलां के चाणचुक्या रोड स्थित गोपाल शर्मा के मकान की छत पर धमाके के साथ आकाशीय बिजली गिरने से मकान में लगे विद्युत उपकरण जल गए। आकाशीय बिजली गिरने के बाद परिवार के लोग भयभीत हो गए। तेज बारिश के दौरान सभी परिजन कमरे में बैठकर टीवी देख रहे थे। इसी दौरान तेज धमाके के साथ छत पर आकाशीय बिजली गिरने से विद्युत आपूर्ति के उपकरण फूंक गए।
कच्चे घर भरभराकर गिरे
जयपुर ग्रामीण के कई गांवों में लगातार बारिश का दौर चलने से फसलों में खराबा होने के साथ कच्चे घरों में सीलन आने से भरभराकर ढहने लगे हैं। बारिश से ग्वार, मूंग, चोला, ज्वार, बाजरा आदि फसलों में नुकसान हो गया। क्षेत्र के आम रास्ते एवं सड़कें दरिया बनने से वाहन चालकों को इधर-उधर आवागमन करने में परेशानी उठानी पड़ रही है।