scriptआदेश का उल्लंघन होने पर कलेक्क्टर ने तहसीलदार को भेजा स्कूल, कराई छुट्टी | Collector sent tehsildar to school, leave vacancies | Patrika News
विदिशा

आदेश का उल्लंघन होने पर कलेक्क्टर ने तहसीलदार को भेजा स्कूल, कराई छुट्टी

सुबह की शिफ्ट 1.15 तक लगी, 1.30 से शुरू कर दी थी दूसरी शिफ्ट

विदिशाApr 01, 2019 / 11:42 pm

Krishna singh

patrika news

Collector sent tehsildar to school, leave vacancies

विदिशा. भीषण गर्मी को देखते हुए कलेक्टर ने दोपहर 12.30 बजे के बाद जिले के सभी स्कूलों में कक्षाएं लगाने को प्रतिबंधित कर दिया था। लेकिन ट्रिनिटी कान्वेंट में पहली शिफ्ट 1.20 बजे तक चली और केजी कक्षाओं के बच्चों की दूसरी शिफ्ट 1.30 बजे से शुरू कर दी गई। इसकी जानकारी जब कलेक्टर को लगी तो वे सख्त नाराज हुए और तहसीलदार तथा डीईओ को ट्रिनिटी कान्वेंट भेजा।यहां इन दोनों अधिकारियों ने प्रबंधन से चर्चा की और तत्काल सभी बच्चों की छुट्टी कराई।
वाक्या कलेक्ट्रेट में चल रही लंबित प्रकरणों की समीक्षा के दौरान शुरू हुआ।यहां कलेक्टर के पास किसी का फोन आया कि कान्वेंट में पहली शिफ्ट की छुट्टी 12.30 बजे नहीं हो रही है, यहां कक्षाएं चल रही हैं। इस पर कलेक्टर ने डीईओ से पूछा कि क्या सभी स्कूलों को मेरा आदेश नहीं पहुंचा। डीईओ अतुल मुद्गल ने जवाब दिया कि सब स्कूलों को आदेश पहुंचाया जा चुका है। फिर कलेक्टर ने मुदगल से खुद जाकर या किसी को भेजकर सभी स्कूलों की छुट्टी 12.30 बजे तक सुनिश्चित कराने को कहा। डीईओ ने कुछ प्राचार्यों से इस बारे में फिर चर्चा की। लेकिन ट्रिनिटी कान्वेंट में 1.20 बजे के पहले बच्चों की छुट्टी नहीं हुई। आश्चर्य तब हुआ जब 1.30 बजे से दूसरी शिफ्ट के लिए नर्सरी और केजी कक्षाओं के नन्हे-मुन्ने बच्चे स्कूल आने लगे। कक्षाएं फिर से शुरू हो गईं।
भरी दोपहर में नर्सरी के बच्चों की क्लास
कलेक्टर का आदेश था 12.30 बजे के बाद कोई स्कूल न लगाया जाए। लेकिन ट्रिनिटी में पहली शिफ्ट 1.20 तक चली और फिर दूसरी शिफ्ट 1.30 से शुरू कर दी गई। नर्सरी और केजी कक्षाओं के बच्चे तीखी धूप और भारी गर्मी में कुम्हालते हुए से स्कूल पहुंचे। इसकी सूचना जब फिर कलेक्टर के पास पहुंची तो वे भड़क गए। उन्होंने तत्काल तहसीलदार आशुतोष शर्मा और डीईओ मुदगल को ट्रिनिटी कान्वेंट भेजा और छुट्टी कराने को कहा। दोनों अधिकारी कान्वेँट पहुंचे, यहां उन्होंने प्राचार्य से चर्चा की और फिर सभी कक्षाओं की छुट्टी करा दी गई। साथ ही स्कूल में साउंड सिस्टम से स्कूल के समय की घोषणा कराकर सभी पालकों को मैसेज भेज दिए गए।
आज से ट्रिनिटी का ये होगा समय
प्रशासन के हस्तक्षेप के बाद ट्रिनिटी कान्वेंट ने अपना समय बदल दिया है। प्राचार्य सिस्टर सजिता ने बताया कि मंगलवार से कक्षा 1 से 6 तक की कक्षाएं सुबह 7.30 से 10.30 तक लगेंगी। कक्षा 7 से 12 तक की कक्षाएं 7.30 से 12.30 तक लगेंगी। जबकि नर्सरी और केजी कक्षाओं का समय सुबह 10.30 से 12.30 बजे तक रहेगा।
प्राचार्य का जवाब- नहीं मिला कोई आदेश
ट्रिनिटी कान्वेंट की प्राचार्य सिस्टर सजिता के जवाब ने प्रशासन की कार्यशैली पर ही प्रश्नचिन्ह लगा दिया है। उनका कहना है कि मुझे आज तक कलेक्टर या शिक्षा विभाग का समय परिवर्तन संबंधी कोई आदेश नहीं मिला। रविवार की रात को 9 बजे व्हाट्सअप मैसेज आया था, जिसे इतनी रात को सभी अभिभावकों को भेजना संभव नहीं था। स्कूल में 4500 बच्चे हैं, सबको तत्काल सूचना संभव नहीं थी। फिर आज कलेक्टर का फोन आया तो उन्हें मंगलवार से सभी कक्षाएं समय से लगाने के लिए आश्वस्त कर दिया है। तहसीलदार और डीईओ भी आए थे उन्हें भी समस्या से अवगत करा दिया है।
कलेक्टर के आदेश पर कान्वेंट गए थे। यहां प्रबंधन से बात की, उन्होंने देर रात संदेश मिलने से सभी को संदेश न भेज पाने की समस्या बताते हुए मंगलवार से समय से कक्षाएं लगाने का भरोसा दिलाया है।
-आशुतोष शर्मा, तहसीलदार

Home / Vidisha / आदेश का उल्लंघन होने पर कलेक्क्टर ने तहसीलदार को भेजा स्कूल, कराई छुट्टी

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो