scriptअब पंचायत चुनाव का शोर, ईवीएम और मतपत्र दोनों से होगा मतदान | Panchayat elections, voting will be done with both EVM and ballot pape | Patrika News
विदिशा

अब पंचायत चुनाव का शोर, ईवीएम और मतपत्र दोनों से होगा मतदान

जिले की 577 पंचायतों में चुने जाएंगे सरपंच और पंच, सात जनपदों और जिपं के 19 वार्डों के चुनाव का भी शोर

विदिशाOct 23, 2021 / 08:43 pm

govind saxena

अब पंचायत चुनाव का शोर, ईवीएम और मतपत्र दोनों से होगा मतदान

अब पंचायत चुनाव का शोर, ईवीएम और मतपत्र दोनों से होगा मतदान

विदिशा. छोटे लेकिन सबसे कठिन माने जाने वाले पंचायतों के चुनाव का शोर शुरू हो गया है। उम्मीद है कि दिसम्बर के पहले हफ्ते में ये चुनाव हो सकते हैं। ऐसे में प्रशासन ने अपनी तैयारियां पूरी करना शुरू कर दिया है। मतदान दलों को भी प्रशिक्षण दिया जाने लगा है। जिले की 577 पंचायतों के सरपंचों, पंचों, सात जनपद पंचायतों और जिला पंचायत के 19 वार्डोँ के लिए यह चुनाव होगा। इस चुनाव में ईवीएम और मतपत्र दोनों का उपयोग होगा।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के लिए प्रशासन ने इंतजामों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। प्रशासन उम्मीद कर रहा है कि ये चुनाव नवंबर अंतिम या दिसंबर माह में हो जाएंगे। इसके लिए मतदान केंद्रों की तैयारी की जा रही है। जिले में 1536 मतदान केंद्र बनाए जा रहे हैं। मतदाता सूचियों की फिर से समीक्षा हो रही है यह भी देखा जा रहा है कि चुनाव लडऩे के संभावित प्रत्याशियों के नाम कटे तो नहीं हैं।
जिले में पंचायतें-577
सरपंच- 577
जनपद पंचायतें-07
जिपं के वार्ड-19
मतदान केंद्र- 1536
मतदान कर्मी-7680

ईवीएम और मतपत्र दोनों से मतदान
पंचायत चुनाव में ईवीएम और मतपत्र दोनों से मतदान कराने की तैयारी है। जिला पंचायत और जनपद पंचायत सदस्यों के लिए ईवीएम के जरिए मतदान होगा। जबकि सरपंच और पंचों के लिए मतपत्रों से वोट डाले जाएंगे। एक ही मतदान केंद्र पर ईवीएम और मतपत्र दोनों की व्यवस्था होगी।
हर केंद्र पर 5 लोगों की टीम
यूं तो चुनाव में मतदान केंद्रों पर चार मतदानकर्मियों की टीम तैनात रहती है। लेकिन पंचायत चुनाव में पांच-पांच कर्मचारियों को तैनात किया जा रहा है। माना जा रहा है कि ईवीएम और मतपत्र दोनों होने से काम ज्यादा होगा, इसलिए ज्यादा लोगों की जरूरत होगी। वहीं बाद में मतपत्रों की गिनती भी मौके पर ही करना होगी। इसलिए जिले के 1536 मतदान केंद्रों के लिए करीब 7680 कर्मचारियों को तैनात करने की तैयारी है। इसमें पुलिसकर्मी शामिल नहीं हैं।
प्रशिक्षण हुआ शुरू
पंचायत चुनाव के लिए अधिकारियों-कर्मचारियों को प्रशिक्षण देना शुरू हो गया है। पहले चरण में नोडल अधिकारियों, रिटर्निंग ऑफीसर, सहायक रिटर्निंग ऑफीसरी आदि का प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसके बाद मतदान दलों का प्रशिक्षण शुरू होगा। उधर मतदान केंद्रों की व्यवस्थाओं को भी दुरुस्त करने के निर्देश कलेक्टर ने दे दिए हैं।

वर्जन…
हमें वीसी में बताया गया है कि पंचायत चुनाव की घोषणा जल्दी ही हो सकती है। इसलिए चुनाव पूर्व की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं। प्रशिक्षण शुरू हो गया है। मतदान केंद्रों की व्यवस्थाएं देखी जा रही हैं। मार्च 2021 में मतदाता सूची तैयार हो ही चुकी है। आरक्षण प्रक्रिया पहले ही पूरी हो चुकी है। केवल जिपं अध्यक्ष के आरक्षण की घोषणा शेष है। हमारी तैयारियां चुनावी मोड पर हैं।
-डॉ. योगेश भरसट, सीइओ जिपं विदिशा
loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो