
कथावाचक आसाराम के खिलाफ चल रहे नाबालिग के यौन उत्पीडन मामले के एक अहम गवाह की शाहजहांपुर जिले में अज्ञात हमलावरों ने गोली मारकर हत्या कर दी। इस केस में गवाहों के खिलाफ यह 9वां हमला है।
पुलिस के अनुसार 35 वर्षीय कृपाल सिंह शुक्रवार रात पुवायां इलाके में बाजार से अपने घर की तरफ जा रहा था। इसी बीच मोटरसाइकिल पर सवार होकर आए दो हमलावरों ने गोलियां दाग दी।
वारदात अंजाम देने के बाद भागते समय दोनों ने आसाराम के खिलाफ गवाही देने को लेकर चेतावनी दी। गंभीर घायल कृपाल सिंह को शाहजहांपुर से बरेली के अस्पताल ईलाज के लिए रैफर किया गया था। जहां शनिवार को उसका दम टूट गया।
कृपाल सिंह का शव अंतिम संस्कार के लिए शाहजहांपुर ले जाया गया है। इस बीच पुलिस ने हमलावरों की धरपकड़ के लिए टीमे गठित कर दी हैं। हाल ही में कृपाल ने अतिरिक्त सिटी मजिस्टेट को दिए बयान में आरोप लगाया था कि आसाराम से जुड़े कुछ लोग बीते कुछ दिन से उसे धमकी दे रहे हैं।
कृपाल एक परिवहन कंपनी का कर्मचारी था। जिसके मालिक की बेटी ने 2013 में राजस्थान के जोधपुर में 74 साल के आसाराम पर यौन उत्पीडन का मामला दर्ज कराया था। इस केस में कृपाल एक अहम गवाह था और तीन माह पहले आसाराम के खिलाफ उसका बयान कोर्ट में दर्ज किया गया था।
मालूम हो कि आसाराम सितंबर 2013 से जोधपुर की सेन्ट्रल जेल में बंद हैं। आसाराम के मामले में गवाह पर हमले की बीती घटना जनवरी में हुई थी जब यूपी में ही उसके खानसामे की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। अब तक आसाराम के मामले के 9 गवाहों पर हमले हो चुके हैं जिनमें से दो की मौत हो चुकी है।
Published on:
12 Jul 2015 05:54 am

