
CDO
आगरा। विकास प्राथमिकता कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक में मुख्य विकास अधिकारी जे रीभा ने उन अधिकारियों को टारगेट किया, जिनके द्वारा कार्य में लापरवाही बरती गई। दो मुख्य चिकित्सा अधिकारियों सहित कई अधिकारियों पर कार्रवाई के निर्देश दिए।
इसलिए हुई कार्रवाई
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने स्वास्थ विभाग की समीक्षा के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी को टीकाकरण में लक्ष्य के सापेक्ष सबसे कम प्रगति करने वाले दो सम्बन्धित चिकित्साधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिये। उन्होंने बिना मान्यता के संचालित विद्यालयों पर अब तक कार्रवाई न किये जाने पर जिला बेसिक शिक्षाधिकारी व बैठक में न आने पर जिला प्रोबेशन अधिकारी पर नाराजगी प्रकट की तथा बैठक में न आने पर अधिशासी अभियन्ता विद्युत व अधिशासी अभियन्ता जल निगम के विरुद्ध कार्रवाई एवं आंगनवाड़ी केन्द्रों के निर्माण में प्रगति न लाने पर अधिशासी अभियन्ता आरईएस का वेतन रोकने के निर्देश दिए।
बैठक में इन पर हुई चर्चा
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी ने टीकाकरण, दवाओं की उपलब्धता, जननी सुरक्षा योजना, पेंशन, छात्रवृत्ति, मुख्यमंत्री समग्र ग्राम योजना, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना, आजीविका मिशन, खाद व बीज की उपलब्धता तथा नई सड़कों का निर्माण आदि योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की। इस दौरान परियोजना निदेशक अवधेश कुमार वाजपेयी, जिला विकास अधिकारी देवेन्द्र प्रताप, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. मुकेश कुमार वत्स सहित अन्य सम्बन्धित अधिकारीगण उपस्थित थे।
Published on:
7 Aug 2019, 6:22 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.