30 अगस्त को आगरा के सदर क्षेत्र की रहने वाली एक युवती न्याय के लिए डीएम कार्यालय पहुंची। युवती का आरोप है कि उसकी मां, मौसी और मामा ने ही उसे देह व्यापार में धकेल दिया और उसे कोठे पर बैठा दिया। 3 मार्च 2019 को उसके मामा ने उसके छोटे भाई के जन्मदिन के बहाने कोलकाता बुलाया और और उसे देह व्यापार के दलालों को बेच दिया। युवती ने इसका विरोध किया तो मां, मौसी और मामा ने डरा धमकाकर उस पर दबाव बनाया। इसके बाद उसे कोठे पर बैठा दिया गया। युवती का मामा आगरा का ही रहने वाला है। युवती का आरोप है कि उसकी मां, मौसी और मामा मिलकर अब तक उसकी तरह तमाम लड़कियों को इस धंधे में धकेल चुके हैं। कुछ माह पहले किसी तरह युवती अपने दोस्त की मदद से वहां से भागकर आयी और पुलिस से मामले की शिकायत की, लेकिन कई महीने से पुलिस जांच की बात कहकर मामला टाल देती है। युवती का कहना है कि उसे लगातार धमकियां मिल रही हैं। परेशान होकर अब उसने डीएम कार्यालय में अपनी शिकायत की।
दूसरा मामला 26 अगस्त को मैनपुरी के औंछा में सामने आया था। यहां 26 अगस्त की शाम एक भाई अपनी 12 वर्षीय चचेरी बहन को बहलाकर अपने साथ बाजरा के खेत में ले गया और वहां उसके साथ दुष्कर्म किया। इसके बाद खून से लथपथ हालत में छोड़ गया। हालत बिगड़ी तो उसका इलाज नहीं होने दिया। इतना ही नहीं, उसके परिजनों को पुलिस से शिकायत न करने के लिए धमकाया भी। इलाज न मिल पाने के कारण बच्ची ने 27 अगस्त को दम तोड़ दिया। इसके बाद आरोपी युवक के परिजन जबरन पीड़िता के शव को गांव के बाहर ले गए और दफना दिया। बाद में पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ दुष्कर्म, हत्या के अलावा पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर युवक को गिरफ्तार किया।
तीसरा मामला कासगंज का है। घटना 4 अगस्त की है। यहां एक कलियुगी बाप ने नाबालिग बेटी को हवस का शिकार बना लिया। 14 वर्षीय बेटी जब सो रही थी तो बाप उसके कमरे में घुस गया और दुराचार किया। इस मामले में किशोरी का आरोप था कि उसका पिता पिछले छह माह से तमंचे के बल पर उसके साथ दुष्कर्म कर रहा था। किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी देता था। पुलिस ने मां की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी पिता को गिरफ्तार किया।
6 मई को एक ऐसा ही मामला आगरा के जगदीशपुरा में सामने आया था। यहां एक सौतेले पिता ने बेटी के साथ दुष्कर्म किया था। बेटी ने विरोध किया तो उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद वो आए दिन बेटी को धमकाकर उसके साथ दुराचार करता था। एक दिन लड़की की मां ने सौतेले बाप को रंगे हाथों पकड़ लिया। फिर लोगों ने जमकर उसकी धुनाई की और पुलिस के हवाले कर दिया।
आगरा के कागारौल थाना इलाके में 27 जून को प्रेमी युगल के शव खेत में पड़े मिले थे। लड़के के पिता ने आरोप था कि लड़की के घर वालों ने बहाने से बुलाकर बेटे की हत्या कर दी। घटना को छिपाने के लिए लड़की को भी मार डाला। वहीं स्थानीय लोगों का कहना था कि बुधवार रात दोनों को आपत्तिजनक हालत में देखने के बाद लड़की के परिजनों और ग्रामीणों ने उनकी लाठी-डंडों से पीट-पीटकर हत्या कर दी। इस मामले में जांच अभी जारी है।
27 जून को ही प्रेमी युगल की हत्या का एक मामला हाथरस में भी सामने आया था। सिकंदराराउ के मोहल्ला गौसगंज में प्रेमी युगल की लाशें एक पेड़ से लटकी मिली थीं। इस मामले में युवती और युवक दोनों के अलग अलग समुदाय के होने के कारण हत्या की बात सामने आयी थी। हालांकि अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका है कि ये हत्या थी या आत्महत्या।
मथुरा में 2 मई, 2019 को कृष्णा विहार कॉलोनी में एक युवक और युवती की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। लड़की पुलिस सेवा में जाने के लिए कोचिंग कर रही थी। वहीं एक युवक उसी कॉलोनी में करीब 5 साल से अपनी बुआ के यहां रह रहा था। मूल रूप से मांट राजा का रहने वाला युवक बेंगलुरु में किसी प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता था। युवक और युवती दोनों एक दूसरे को पसंद करते थे। अलग अलग जाति के होने के कारण दोनों की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।