
वडोदरा : गुजरातभर के 264 युवा ले रहे शूटिंग, तैराकी व बैडमिंटन का प्रशिक्षण
वडोदरा. खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से वडोदरा में खेले गुजरात राज्य समर कैंप (शिविर) का आयोजन किया जा रहा है। शिविर में गुजरातभर के 264 युवा शूटिंग, तैराकी व बैडमिंटन का प्रशिक्षण लेकर अपने कौशल में निखार व खेल में सुधार कर रहे हैं।
शहर के मांजलपुर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शूटिंग, समा इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में स्विमिंग और वाघोडिया स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बैडमिंटन शिविर का आयोजन किया गया है। गुजरात सरकार के गुजरात खेल प्राधिकरण की ओर से 21 दिवसीय शिविर आयोजित किया गया है।
जिला खेल विकास अधिकारी कृष्णा पंड्या के अनुसार नई तकनीकों को सीखने, टीम भावना का निर्माण करने, जूनियर खिलाडिय़ों को प्रेरित करने और खेल संबंधी कौशल विकास के लिए प्रशिक्षकों के साथ ज्ञान साझा करने के उद्देश्य से शिविर आयोजित किए हैं।सेंटर ऑफ एक्सीलेंस के लिए खिलाडिय़ों का चयन करने के लिए चयन ट्रायल आयोजित किए गए। खिलाडिय़ों का चयन योग्यता के आधार पर किया गया। छात्रवृत्ति भी दी जा रही है। शिविर के लिए युवकों व युवतियों की संख्या लगभग बराबर रखी गई है।
ऐसी है दिनचर्या
शिविर के लिए दिनचर्या तय की गई है। दिन की शुरुआत योग के साथ होती है, उसके बाद नाश्ता, फिर वार्म अप, अभ्यास, दोपहर का भोजन, आराम और फिर शाम का प्रशिक्षण, उसके बाद कूल डाऊन और उपचार किया जाता है।
गर्मी की स्थिति के मद्देनजर सरकार के दिशा-निर्देशों का पालन
शिविर के दौरान आवास, भोजन एवं अन्य सुविधाओं तथा विशेषकर गर्मी की स्थिति को लेकर सरकार के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन किया जा रहा है। खिलाडिय़ों के लिए फिजियो, न्यूट्रिशनिस्ट, माइंड ट्रेनर, योग ट्रेनर भी मौजूद हैं।
तीन वर्ष में खेल, क्षमता व इस साल तकनीक में सुधार
राज्य के नंबर 1 बैडमिंटन खिलाड़ी अनेरी कोटक के अनुसार वे पिछले तीन साल से राज्य के शिविर में भाग ले रहे हैं और अपने खेल व क्षमता में महत्वपूर्ण सुधार देखा है। इस साल भी अपनी तकनीक में सुधार देखा है और यह सब प्रशिक्षक प्रशिक्षण और मार्गदर्शन से संभव हो पाया है।
Published on:
27 May 2023 10:42 pm

बड़ी खबरें
View Allअहमदाबाद
गुजरात
ट्रेंडिंग
