
shaktipith Ambaji Temple : अंबाजी में भादरवी पूनम मेला 5 सितम्बर से
पालनपुर. विश्व प्रसिद्ध धर्मस्थल अंबाजी Ambaji में छह दिवसीय भादरवी पूनम मेले Bhadervi Poonam Mela का आयोजन आगामी पांच सितंबर से किया जाएगा जो कि 10 सितंबर तक चलेगा। इसे लेकर बनासकांठा जिला प्रशासन और आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट Aarasuri Ambaji Mata Devsthan Trust की ओर से दो महीने पूर्व ही इसकी तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
बनासकांठा जिला कलक्टर सह श्री आरासुरी अंबाजी माता देवस्थान ट्रस्ट के चेयरमैन आनंद पटेल ने बुधवार को इसकी तैयारियों को लेकर पालनपुर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की। इसमें उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारियों को पूनम मेले की तैयारियों को लेकर आवश्यक दिशा निर्देश दिए। कोरोना की वजह से पिछले 2 वर्षों से यहां पर पूनम मेले का आयोजन नहीं किया गया था। लेकिन इस बार मेले में काफी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद जताई जा रही है।
बैठक में अंबाजी में कंट्रोल रूम, यात्रियों के लिए पीने की पानी की व्यवस्था, बिजली, स्वास्थ्य, एस.टी बस सेवा और कानून व्यवस्था बनाए रखने की बात पर भी चर्चा हुई। यहां तक पहुंचने के लिए रास्तों की मरम्मत, विश्राम केंद्रों, अंबाजी मंदिर परिसर और गब्बर में दर्शनार्थियों के लिए आवश्यक सुविधा उपलब्ध कराने जैसे मामलों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस संबंध में अधिकारियों को उचित मार्गदर्शन भी दिया गया।
इस मौके पर जिला विकास अधिकारी स्वप्निल खरे ने कहा कि भादरवी पूनम मेला आस्था का पर्व है और इसके आयोजन में शामिल होने का सभी लोगों को सुंदर अवसर मिला है। उन्होंने स्वास्थ्य और सफाई पर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता पर बल दिया।
Published on:
07 Jul 2022 11:09 am
