scriptगुजरात शिक्षा बोर्ड: 12वीं विज्ञान संकाय का 82.45 फीसदी परिणाम, 9 साल में सर्वाधिक | Gujarat Board: 82.45% result of 12th Science stream, highest in 9 years | Patrika News
अहमदाबाद

गुजरात शिक्षा बोर्ड: 12वीं विज्ञान संकाय का 82.45 फीसदी परिणाम, 9 साल में सर्वाधिक

गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड ने मार्च महीने में ली 12वीं विज्ञान संकाय की बोर्ड परीक्षा का परिणाम गुरुवार को ऑनलाइन घोषित कर दिया। परिणाम 82.45 प्रतिशत रहा, जो गत वर्ष की तुलना में 16 फीसदी ज्यादा है। छात्रों ने इस बार भी छात्राओं को पीछे छोड़ दिया।

अहमदाबादMay 09, 2024 / 10:31 pm

nagendra singh rathore

GSEB

अहमदाबाद के संस्कार केन्द्र में खुशी व्यक्त करते विद्यार्थी।

गुजरात माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (जीएसईबी) की ओर से मार्च महीने में ली गई 12वीं विज्ञान संकाय की बोर्ड परीक्षा का परिणाम गुरुवार को घोषित कर दिया गया। इस वर्ष 82.45 प्रतिशत परिणाम रहा, जो गत वर्ष की तुलना में 16.68 फीसदी ज्यादा है। गत वर्ष का परिणाम 65.58 प्रतिशत था। इस वर्ष का रिजल्ट बीते 9 साल में सबसे ज्यादा है। इससे पहले वर्ष 2015 में 86.10 प्रतिशत परिणाम आया था। गत वर्ष की तरह इस वर्ष भी छात्रों ने छात्राओं को पछाड़ा है। हालांकि यह अंतर मामूली रहा। इस साल छात्रों का परिणाम 82.53 फीसदी जबकि छात्राओं का परिणाम 82.35 प्रतिशत रहा।


मोरबी जिला अव्वल

92.80 प्रतिशत परिणाम के साथ मोरबी जिला राज्य में अव्वल रहा, जबकि सबसे कम 51.36 प्रतिशत परिणाम छोटा उदेपुर जिले का रहा। परीक्षा केन्द्रों में 97.97 प्रतिशत परिणाम के साथ कुंभारिया अव्वल रहा वहीं सबसे कम 47.98 प्रतिशत परिणाम बोडेली का रेकॉर्ड किया गया।

मार्च में ली गई थी परीक्षा


जीएसईबी की ओर से मार्च 2024 में ली गई 12वीं विज्ञान संकाय की बोर्ड परीक्षा में एक लाख 11 हजार 414 विद्यार्थियों ने पंजीकरण कराया था जिसमें एक लाख 11 हजार 132 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। इनमें से 91,625 विद्यार्थी उत्तीर्ण हुए। परिणाम 82.45 प्रतिशत रहा। परीक्षा देने वाले 59, 162 छात्रों में से 48,827 छात्र उत्तीर्ण हुए। इस तरह छात्रों का परिणाम 82.53 प्रतिशत रहा वहीं परीक्षा देने वाली 51,970 छात्राओं में से 42,798 छात्राएं उत्तीर्ण हुई। इस तरह छात्राओं का परिणाम 82.35 प्रतिशत रहा।

1034 विद्यार्थियों को ए 1 ग्रेड

मार्च 2024 के 12वीं विज्ञान संकाय के परिणाम में शत प्रतिशत परिणाम प्राप्त करने वाली स्कूलों की संख्या 127 रही, जो गत वर्ष 2023 में 27 ही थी। इसमें 100 स्कूलों की वृद्धि हुई है। इतना ही नहीं, ए वन ग्रेड के साथ उत्तीर्ण होने वाले विद्यार्थियों की संख्या में भी इजाफा हुआ है। इस वर्ष 1034 विद्यार्थी ए 1 ग्रेड के साथ उत्तीर्ण हुए हैं। गत वर्ष इनकी संख्या केवल 61 थी।

हिंदी माध्यम का सर्वाधिक 20 फीसदी बढ़ा रिजल्ट

प्रमुख तीन माध्यमों में की बात करें तो इस वर्ष 2024 में गुजराती माध्यम 82.94 प्रतिशत परिणाम के साथ अव्वल रहा। अंग्रेजी माध्यम 81.92 प्रतिशत के साथ दूसरे स्थान पर रहा। हिंदी माध्यम का परिणाम 66.59 प्रतिशत रहा। वर्ष 2023 में सबसे ज्यादा 67.18 प्रतिशत परिणाम अंग्रेजी माध्यम का था। उसकी तुलना में इस वर्ष 14.74 फीसदी की वृद्धि हुई है। गुजराती माध्यम के परिणाम में गत वर्ष की तुलना में 17.62 फीसदी का इजाफा हुआ है। गत वर्ष गुजराती माध्यम का परिणाम 65.32 प्रतिशत था। हिंदी माध्यम के परिणाम में गत वर्ष की तुलना में इस वर्ष 20.17 फीसदी का उछाल देखने को मिला है। इस वर्ष हिंदी माध्यम का परिणाम 66.59 प्रतिशत है, जो गत वर्ष 2023 में 46.42 प्रतिशत था।


ए ग्रुप का सर्वाधिक 90.11 प्रतिशत नतीजा

ग्रुपों में ए ग्रुप 90.11 प्रतिशत परिणाम के साथ अव्वल रहा। गत वर्ष ए ग्रुप का परिणाम 72.27 प्रतिशत था। इसमें 17.84 फीसदी की वृद्धि देखने को मिली है। बी ग्रुप का परिणाम 78.34 प्रतिशत रहा। इसमें 16.63 फीसदी की वृद्धि हुई। गत वर्ष बी ग्रुप का परिणाम 61.71 प्रतिशत था। एबी ग्रुप का परिणाम 68.42 प्रतिशत रहा।

बीते 9 सालों में सर्वाधिक परिणाम

2015-86.10 प्रतिशत

2016-79.03 प्रतिशत

2017-81.89 प्रतिशत

2018-72.99 प्रतिशत

2019-71.90 प्रतिशत

2020-71.34 प्रतिशत

2021- 100 प्रतिशत (मास प्रमोशन)

2022-72.02 प्रतिशत

2023-65.58 प्रतिशत
2024-82.45 प्रतिशत

Hindi News/ Ahmedabad / गुजरात शिक्षा बोर्ड: 12वीं विज्ञान संकाय का 82.45 फीसदी परिणाम, 9 साल में सर्वाधिक

loksabha entry point

ट्रेंडिंग वीडियो