
मध्यप्रदेश के आदिवासीबहुल अलीराजपुर जिले में एक महीने पहले भागे पांच बच्चों के पिता और उसकी प्रेमिका के घर लौट कर आत्महत्या करने का मामला सामने आया है। मरने से पहले दोनों ने न केवल मिट्टी का मंदिर बनाकर आपस में ब्याह रचाया, बल्कि दोनों ने अपने शरीर को भी एक-दूसरे से बांध लिया।
आजादनगर थाना पुलिस सूत्रों ने बताया कि आज सुबह सामलाकुंड गांव निवासी युवक कानजी और उसी गांव की रहने वाली 20 साल की एक युवती का शव बरामद हुआ है। दोनों एक महीने पहले से लापता थे। दोनों ने कीटनाशक पीकर आत्महत्या की है।
पुलिस ने शुरुआती जानकारी के हवाले से बताया कि पांच बच्चों के पिता कानजी और युवती को एक-दूसरे से इश्क हो गया था। दोनों एक महीने पहले गुजरात भाग गए थे। कल देर रात दोनों वापस लौटे ओर एक खेत किनारे मिट्टी का मंदिर बनाया। पूजा-पाठ कर युवक ने पहले युवती की मांग भरी और फिर दोनों ने कपास में छिडकने वाली कीटनाशक दवाई पीकर जान दे दी।
जानकारी के मुताबिक, मरने के पहले दोनों ने खुद को जंजीर लगाकर एक ताले से बांध लिया था, ताकि दोनों के शरीर एक साथ रहें। आसपास के गांवों में इन दोनों की आत्महत्या की काफी चर्चा है।