
आयकर विभाग ने चुनाव आयोग को सौंपी रिपोर्ट में दावा किया है कि आम आदमी पार्टी (आप) की ऑडिट रिपोर्ट में 27 करोड़ रुपए के प्राप्त चंदे के बारे में जो जानकारियां दी गई है उनमें विसंगतियां और त्रुटियां पाई गई है।
आयकर विभाग आप पार्टी को मिले चंदे की सूची को पिछले एक वर्ष से खंगाल रहा है। विभाग के सूत्रों ने बताया कि पार्टी के 2013-14 और 2014-15 के चंदे के जो रिकार्ड हैं, उसमें वास्तविक विसंगतियां मिली है। पार्टी की सूची जो उसको वास्तव में चंदा विभिन्न स्रोतों से मिला है, उससे मेल नहीं खाती है।
केजरीवाल ने पीएम पर साधा निशाना
दिल्ली के मुख्यमंत्री और आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल ने आयकर विभाग के दावे को लेकर एक बार फिर प्रधानमंत्री पर निशाना साधा है। उन्होंने आरोप लगाया कि मोदी गंदा तरीका अपनाकर आप पार्टी का पंजीकरण रद्द करना चाहता है। मोदी को गोवा और पंजाब विधानसभा चुनावों में आप पार्टी के जीतने का भय सता रहा है।
गौरतलब है कि दोनों विधानसभाओं के लिए शनिवार को मतदान होना है। केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा कि गोवा और पंजाब में बुरी तरह हार को देखते हुए मोदी जी गंदा तरीका अपना रहे है, वह मतदान से 24 घंटे पहले जीतने वाली पार्टी को अपंजीकृत कराने का प्रयास कर रहे है, शर्मनाक तानाशाह।