कपिल मिश्रा का केजरीवाल पर हमला, कहा- ईमानदार हैं तो रामलीला मैदान में बुलाएं विशेष सत्र

कपिल मिश्रा ने सीएम केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन के भ्रष्टाचार, हवाला, कालेधन, विदेश यात्राओं और नजदीकी रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के आरोपों को लेकर घेरा है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 30 May 2017, 1:33 PM IST
kapil mishra
kapil mishra

भ्रष्टाचार से जुड़े मामले को लेकर दिल्ली के पूर्व मंत्री कपिल मिश्रा का सीएम अरविंद केजरीवाल पर हमला लगातार जारी है। इस बार कपिल मिश्रा ने दिल्ली सीएम को जनता दरबार लगाने के लिए दिल्ली के रामलीला मैदान में विधानसभा का विशेष सत्र बुलाने की मांग की है।

कपिल मिश्रा ने सीएम केजरीवाल और स्वास्थ्य मंत्री सत्येन्द्र जैन के भ्रष्टाचार, हवाला, कालेधन, विदेश यात्राओं और नजदीकी रिश्तेदारों को लाभ पहुंचाने के आरोपों को लेकर घेरा है। आप से निष्कासित विधायक ने मंगलवार को विधानसभा अध्यक्ष रामनिवास गोयल को पत्र लिखा है, जिसमें रामलीला मैदान में विशेष सत्र बुलाने और व्हीप की बाध्यता नहीं रखने की मांग की है।

गौरतलब है कि सीएम केजरीवाल ने सरकार बनने से पहले विधानसभा का सत्र जनता के बीच कराने की वकालत की थी। जहां सीएम का इसके पीछे तर्क था कि जब हजारों लोग मौजूद होंगे तब नेता झूठ बोलने की हिम्मत नहीं कर सकता है।

करावल नगर से विधायक ने लिखा है कि हवाला, काले धन और विदेश यात्राओं के मामले प्रत्यक्ष रूप से देश से जुड़े हुए हैं। इन मामलों में सदन में चर्चा और वोटिंग जरूरी है। उन्होंने कहा कि इन मामलों में जुड़े सारे दस्तावेज रामलीला मैदान में जनता की मौजूदगी में सदन के पटल पर रखूंगा।

साथ ही कपिल मिश्रा ने कहा कि केजरीवाल अगर ईमानदार हैं और उन्हें जैन की बेगुनाही पर भरोसा है तो इस प्रस्ताव को स्वीकार कर खुले में सत्र बुलाएं। सत्र में वोटिंग के लिए व्हीप की बाध्यता नहीं रखी जाए।

Published on: