बीजेपी का चिट्ठी बम, अब माल्या को लिखे पत्र के मामले में मनमोहन और चिदंबरम को घेरा

प्रेस से दावा करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि इस संबंध में विजय माल्या ने मनमोहन सिंह और पी चिदंबरम को दो अलग - अलग चिट्ठियां लिखी थी।
2 min read
• •
Updated: 30 Jan 2017, 3:52 PM IST
manmohan
manmohan

देश के भगोड़े कारोबारी विजय माल्या केस में एक बार फिर से बहस तेज हो गई है। सोमवार को बीजेपी प्रवक्ता लंबित पात्रा ने एक प्रेस संबोधन के जरिए विजय माल्या द्वारा पूर्व प्रधानमंत्री मनमोहन सिंह और पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम को लिखी एक चिट्ठी का दावा किया है।

चिट्ठी के आधार पर संबित पात्रा ने आरोप लगाया कि माल्या मनमोहन और चिदंबरम ने माल्या को मदद पहुंचाई। उन्होंने कहा कि पत्राचार के बाद माल्या की किंगफिशर एयरलाइन को लोन दिया गया। फिलहाल पात्रा के बयान पर कांग्रेस के तरफ से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई है।

प्रेस से दावा करते हुए संबित पात्रा ने कहा कि इस संबंध में विजय माल्या ने मनमोहन सिंह और पी चिदंबरम को दो अलग - अलग चिट्ठियां लिखी थी। साथ ही पात्रा ने कहा कि माल्या की मदद का अंदाजा तो इसी बात से लगाया जा सकता है कि इनकम टैक्स विभाग ने माल्या का अकाउंट फ्रीज कर दिया तो मनमोहन सिंह के दबाव में उनका अकाउंट अनफ्रीज करना पड़ा था।

पात्रा ने कहा कि विजय माल्या का मामला ऋण देकर जनता के पैसों की लूट का एक उदाहरण है। एक साधारण आदमी को बहुत मामूली राशि का ऋण भी कागजात पूरे करने पर ही मिलता है लेकिन माल्या को बिना कागज पूरे किए और तमाम कमियों के बावजूद करीब 9000 करोड़ रुपये का ऋण दे दिया गया।

उन्होंने कहा कि इस मामले में अक्सर सवाल उठता रहा है कि क्या कोई गुप्त हाथ रहा है जो माल्या को ऋण देने के लिये बैंकों को बाध्य कर रहा था तो जो साक्ष्य सामने आये हैं, उनसे यह भी सवाल उठता है कि क्या एक डूबता जहाज (कांग्रेस पार्टी) एक डूबती एयरलाइन्स को सहारा दे रहा था। भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि माल्या को पहला ऋण 2004 और दूसरी बार 2009 में दिया गया था।

किंगफिशर की परिसंपत्तियों को गैरनिष्पादित परिसंपत्ति (एनपीए) घोषित किये जाने के बावजूद 31 दिसंबर 2010 को ऋण को पुनर्गठित करने की इजाजत दे दी गई। उच्चतम न्यायालय ने भी पूछा था कि जब कंपनी केवल दस फीसदी ही अर्जित कर पा रही है तो फिर उसे कैसे ऋण जारी किए गए। उन्होंने कहा कि कुछ टेलीविजन चैनलों ने हाल ही में इस मामले में खुलासा करने वाली कुछ रिपोर्टें दिखाई हैं।

पात्रा ने बताया कि एक पत्र माल्या ने तत्कालीन प्रधानमंत्री को चार अक्टूबर 2011 को लिखा था जिसमें कहा गया कि वह प्रधानमंत्री के निर्देश पर उनके सलाहकार टी के ए नायर और उनके प्रधान सचिव पुलक चटर्जी से मिले थे जिन्होंने बहुत मदद की। माल्या ने कहा कि वह एक बार पुन: तत्काल मदद की अपील कर रहे हैं।

Published on: