तीन सांसदों ने स्पीकर को लिखा पत्र, ‘भगवंत मान को भेजो नशा मुक्ति केंद्र’

हरिंदर खालसा के अलावा बीजेपी सांसद महेश गिरी और चंदूमाजरा ने भी सुमित्रा महाजन को पत्र लिखकर नशे की लत छुड़ाने के लिए भगवंत मान को नशामुक्ति केंद्र भेजने की मांग की है।
less than 1 minute read
• •
Updated: 2 Aug 2016, 4:09 PM IST
Feature image

घर से संसद भवन का वीडियो बनाने वाले आप सांसद भगवंत मान को रिहैब सेंटर भेजने की मांग की गई है। तीन सांसदों ने इस बारे में लोकसभा स्पीकर सुमित्रा महाजन को पत्र लिखा है। इनमें आम आदमी पार्टी के निलंबित सांसद हरिंदर खालसा भी शामिल हैं, जिन्होंने दावा किया था कि भगवंत मान संसद में शराब पीकर आते हैं। उन्होंने स्पीकर से अपनी सीट बदलने की मांग भी की थी।

हरिंदर खालसा के अलावा बीजेपी सांसद महेश गिरी और चंदूमाजरा ने भी सुमित्रा महाजन को पत्र लिखकर नशे की लत छुड़ाने के लिए भगवंत मान को नशामुक्ति केंद्र भेजने की मांग की है।

आप का पलटवार

इस बीच आप प्रवक्ता आशुतोष ने सांसदों पर पलटवार किया है। आशुतोष ने कहा कि अगर किसी को रिहैब सेंटर भेजना है, तो पीएम मोदी को भेजना चाहिए। उधर, संसद वीडियोग्राफी मामले को लेकर जांच के लिए गठित लोकसभा की कमिटी भी भगवंत मान से नाराज है। इस मामले में बगावती तेवर अपनाने वाले मान बार-बार कह रहे हैं कि उन्होंने सुरक्षा का उल्लंघन नहीं किया।

तीन अगस्त को तलब मान

समिति के सदस्यों ने कहा कि यह विरोधाभासी है क्योंकि मान अपने कृत्य के लिए लोकसभाध्यक्ष से बिना शर्त माफी मांग चुके हैं। संसदीय समिति ने मान से करीब डेढ़ घंटे पूछताछ की थी। इस दौरान मान ने कहा कि उन्होंने उच्च सुरक्षा परिसर की सुरक्षा का कोई उल्लंघन नहीं किया है।

समिति के एक सदस्य ने कहा, "एक तरह से उन्हें पछतावा नहीं है। उन्होंने और समय मांगा और कहा कि वह पेश नहीं हो सकते। हमने अब उन्हें 3 अगस्त को बुलाया है। "

Published on: