बिहार में महागठबंधन सरकार में शामिल राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार को समर्थन देने की गुरुवार को अपील की।
बिहार में महागठबंधन सरकार में शामिल राष्ट्रीय जनता दल के प्रमुख लालू प्रसाद यादव ने राज्य के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से राष्ट्रपति पद के चुनाव में विपक्ष की उम्मीदवार मीरा कुमार को समर्थन देने की गुरुवार को अपील की। इस दौरान उन्होंने कहा कि वह राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन के उम्मीदवार रामनाथ कोविंद का समर्थन करने की ऐतिहासिक भूल न करें।
लालू यादव ने राष्ट्रपति पद के लिए विपक्ष के उम्मीदवार के चयन के लिए यहां हुई 17 विपक्षी दलों की बैठक में मीरा कुमार का नाम तय किए जाने के बाद संवाददाताओं से बातचीत में नीतीश कुमार से अपील की कि वह कोविंद को समर्थन देने के अपने फैसले पर पुनर्विचार करें।
उन्होंने कहा कि मैं नीतीश कुमार से अपील करता हूं और शुक्रवार को पटना जाकर भी अपील करूंगा कि वह ऐतिहासिक भूल न करें। उनकी पार्टी से गलत निर्णय हो गया,उसे बदलें। उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने भी नीतीश कुमार से यह अपील की है।
यह पूछे जाने पर कि क्या नीतीश कुमार के राजग उम्मीदवार को समर्थन देने से बिहार सरकार पर खतरा पैदा हो गया है और क्या उन्हें धोखा दिया गया है, लालू यादव ने कहा कि धोखा दिया या नहीं यह नीतीश जानें। सरकार चलती रहेगी। उस पर कोई खतरा नहीं है। अपने फैसले की घोषणा के बावजूद बिहार में महागठबंधन की सरकार को कोई खतरा नहीं है।