अहमदाबाद

अहमदाबाद में 25 अप्रेल तक पारा 42 डिग्री के पार रहने के आसार

-मौसम विभाग ने अहमदाबाद को लेकर जारी किया यलो अलर्ट, लोगों से सतर्क रहने की अपील, दिन ही नहीं रात में भी बढ़ेगा पारा

2 min read
अहमदाबाद में गर्मी के बीच फव्वारे से लुत्फ उठाते बच्चे।

Ahmedabad. गुजरात में जैसे-जैसे चुनावी पारा चढ़ रहा है, वैसे-वैसे गर्मी भी अपना तेवर कड़े कर रही है। बीते तीन-चार दिनों से लगातार 40 से 41 के बीच चल रहा अहमदाबाद शहर का तापमान आगामी सात दिनों तक कम होने के आसार नहीं हैं।

मौसम विभाग ने तो आगामी सात दिनों तक अहमदाबाद में तापमान के 42 डिग्री सेल्सियस व उससे अधिक रहने का अनुमान व्यक्त किया है। इसके चलते अहमदाबाद के लिए 19 से 25 अप्रेल तक ‘यलो अलर्ट’ जारी किया है। दिन में तो गर्मी परेशान करेगी ही इसके साथ ही रात का तापमान भी 25 से 28 डिग्री के बीच रहने का अनुमान जताया गया है।

मनपा ने लोगों से की सचेत रहने की अपील

तेज़ी से बढ़ते तापमान और मौसम विभाग के अनुमान को देखते हुए शनिवार को अहमदाबाद महानगरपालिका (मनपा) ने भी शहर के लोगों को 25 अप्रेल तक विशेष सतर्कता और सावधानी बरतने की अपील की है। मनपा ने कहा कि आने वाले दिनों में लू का प्रकोप बढ़ सकता है, इसलिए लोगों को अपनी दिनचर्या में बदलाव कर स्वास्थ्य का ध्यान रखना चाहिए।

दोपहर 12 से चार तक निकलना टालें

मनपा ने लोगों से कहा है कि घर से बाहर निकलते समय पानी की बोतल साथ रखें। पर्याप्त मात्रा में तरल पदार्थ जैसे पानी, नींबू शरबत, छाछ, नारियल पानी का सेवन करते रहें। ताजे फल और सब्जियां खाएं, तैलीय व वासी भोजन से बचें। चाय, कॉफी और सॉफ्ट ड्रिंक का सेवन कम करें। धूप में निकलते समय छाता, टोपी या स्कार्फ का प्रयोग करें। दोपहर 12 से 4 बजे तक बाहर निकलने से बचें। हल्के रंग के ढीले सूती कपड़े पहनें और बीच-बीच में आराम करें। छोटे बच्चों, बुजुर्गों और गर्भवती महिलाओं का विशेष ध्यान रखें।

सिरदर्द, चक्कर पर करें चिकित्सक का संपर्क

मनपा ने कहा है कि अत्यधिक पसीना आए, थकान, सिरदर्द, चक्कर आने पर, त्वचा के लाल व गर्म होने पर, मांसपेशियों में दर्द, उल्टी या उबकाई आए तो यह लू लगने के लक्षण हैं। यदि ऐसे लक्षण दिखाई दें तो तुरंत चिकित्सक से संपर्क करें। आपात स्थिति में 108 एंबुलेंस सेवा का उपयोग करें।

अहमदाबाद-राजकोट में पारा 41 के पार

शनिवार को भी अहमदाबाद शहर में पारा 41 डिग्री के ऊपर ही दर्ज किया गया। राजकोट शहर 41.9 डिग्री के साथ राज्य का सबसे गर्म शहर रहा। जबकि अहमदाबाद शहर में 41.8 डिग्री सेल्सियस गर्मी रेकॉर्ड की गई। अमरेली और सुरेन्द्रनगर में 41.7 डिग्री, गांधीनगर में 41.2 डिग्री तापमान दर्ज किया गया। डीसा और वल्लभविद्यानगर में तापमान 40 के पार रेकॉर्ड किया गया।

Updated on:
18 Apr 2026 11:00 pm
Published on:
18 Apr 2026 10:59 pm
Also Read
View All