अहमदाबाद

एयरफोर्स में नौकरी, क्रिकेट टीम में चयन के नाम पर छात्रों को ठगने वाला गिरफ्तार

-गुजरात कॉलेज के पूर्व फिजिकल ट्रेनर इंस्ट्रक्चर ने 20 छात्रों को लगाई है चपत, कच्छ के अंजार से पकड़ा, 10 मोबाइल नंबर और 7 फोन बदलकर छिप रहा था आरोपी
less than 1 minute read
Ellisbridge
एलिसब्रिज पुलिस की गिरफ्त में आरोपी।

Ahmedabad. युवाओं के सपनों को पंख लगाने और उन्हें खेल के मैदान में तराशने वाला कोच ही ठगी करने के आरोप में एलिसब्रिज पुलिस की ओर से गिरफ्तार किया गया है। शहर के गुजरात कॉलेज में बतौर फिजिकल ट्रेनिंग इंस्ट्रक्टर (पीटीआइ) का काम कर चुके प्रग्नेश बारहट (41) पर कॉलेज के ही 20 छात्रों को ठगने का आरोप है। उसने छात्रों को वायुसेना (एयरफोर्स) में नौकरी दिलाने और राज्य स्तरीय क्रिकेट टीम में चयन कराने का झांसा देकर 4.48 लाख रुपए ऐंठ लिए थे।

पुलिस से बचने के लिए आरोपी 10 अलग-अलग मोबाइल नंबर और 7 हैंडसेट बदलकर कच्छ जिले के अंजार में छिपा हुआ था। एलिसब्रिज पुलिस की सर्वेलेंस स्क्वॉड ने तकनीकी निगरानी के आधार पर आरोपी को अंजार से ही शुक्रवार को धर दबोचा है।

जांच में सामने आया कि आरोपी प्रग्नेश बारहट मूल रूप से राजकोट के गांधीग्राम का रहने वाला है। वर्तमान में कच्छ जिले के अंजार रह रहा था। पुलिस के तहत आरोपी के विरुद्ध इसी प्रकार का झांसा देकर ठगी करने के राजकोट शहर के बी डिवीजन थाने में 2025 में, गांधीनगर के इन्फोसिटी थाने, कच्छ जिले के नखत्राणा थाने में और राजकोट गांधीग्राम-2 यूनिवर्सिटी थाने में 2026 में मामले दर्ज हैं। इनमें से अहमदाबाद के एलिसब्रिज पुलिस थाने में दर्ज मामले के अलावा आरोपी राजकोट गांधीग्राम 2 यूनिवर्सिटी थाने में दर्ज मामले में फरार चल रहा है।

पीएचडी, नेट-जीसेट पास है आरोपी

मामले की जांच में सामने आया कि आरोपी प्रग्नेश बारहट बेहद पढ़ा-लिखा है। उसने पीएच.डी (पीएचडी) तक पढ़ाई की है। राष्ट्रीय पात्रता परीक्षा (नेट) व गुजरात राज्य पात्रता परीक्षा (जीसेट) भी उत्तीर्ण कर रखी है। इसके बावजूद उसने अपनी शिक्षा का इस्तेमाल युवाओं को ठगने में किया। यह अखबारों में छपने वाले नौकरी के विज्ञापनों पर नजर रखता था और उसकी के आधार पर युवाओं को झांसा देकर ठगता था।

Updated on:
22 Aug 2026 10:25 pm
Published on:
22 Aug 2026 10:25 pm