
कांकरिया में दो निजी बसों की जांच में 1-1 किलो के 406 पैकेट मिले, रिपोर्ट आने तक 1.62 लाख रुपए का माल बिक्री से रोका, शहर में 3 टन एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ भी जब्त
ahmedabad: शहर में बाहर से लाकर पनीर बेचने के कारोबार पर अहमदाबाद महानगरपालिका के फूड विभाग ने शिकंजा कसते हुए कांकरिया क्षेत्र में गुरुवार सुबह दो ट्रैवल्स बसों की जांच में राजस्थान से लाया गया 406 किलो लो-फैट पनीर जब्त किया। पनीर के नमूने को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा गिया है। उधर रिपोर्ट आने तक करीब 1.62 लाख रुपए कीमत का पूरा स्टॉक बिक्री के लिए रोक दिया गया है। इसी अभियान में शहर के एक गोदाम से 3 टन एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ भी मिला है। खाद्य पदार्थों की अनियमितता पर अन्य तीन इकाइयों को सील किया गया है।
मनपा के फूड विभाग ने 20 अगस्त को सुबह करीब 6.30 बजे कांकरिया पार्किंग में खड़ी बसों की जांच की। इन बसों में राजस्थान के जोधपुर से लाया गया एक किलो पैक वाला लो-फैट पनीर मिला, जिसे अहमदाबाद के अलग-अलग क्षेत्रों में बेचने के लिए ले जाया जा रहा था। दूसरी बस में राजस्थान के पाली से लाया गया लो-फैट पनीर मिला, जिसे नरोडा इलाके में बेचा जाना था।
मनपा ने दोनों प्रकार के पनीर के नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत लेकर प्रयोगशाला भेजे हैं। शेष 406 किलो पनीर की बिक्री रिपोर्ट आने तक स्थगित कर दी गई है। विभाग के अनुसार इसकी बाजार कीमत 1.62 लाख रुपए है।
इसी अभियान के दौरान रखियाल रोड स्थित एक गोदाम में 3000 किलो एक्सपायर्ड खाद्य पदार्थ मिला। यहां स्वच्छता की स्थिति भी मानकों के अनुरूप नहीं थी। इसके अलावा साउथ बोपल स्थित हरिहर काठियावाड़ी के पहले लिए गए पनीर और जोधपुर क्षेत्र स्थित जे.बी. डेयरी एंड पार्लर के घी के नमूने अमानक पाए जाने पर दोनों प्रतिष्ठानों के खिलाफ भी सीलिंग कार्रवाई की गई।
मनपा के फूड विभाग ने कहा है कि खाद्य कारोबारियों की सघन जांच जारी रहेगी। बिना एफएसएसएइ लाइसेंस कारोबार करने या खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ एफएसएसएआई तथा जीपीएमसी एक्ट के तहत कार्रवाई की जाएगी। शहर में पिछले दिनों से पनीर व अन्य खाद्य पदार्थों को लेकर महानगरपालिका की ओर से अभियान चलाया जा रहा है। आए दिन मनपा के खाद्य विभाग की ओर से शहर के विविध इलाकों में जांच अभियान जारी है।
Updated on:
21 Aug 2026 10:46 pm
Published on:
21 Aug 2026 10:45 pm
