-घर में मिला पति का शव, पीएम रिपोर्ट, मृतक के पिता ने जताया था शक
Ahmedabad. जिले के साणंद थाना क्षेत्र में स्थित एक गांव में घर से मिले युवक के शव की गुत्थी को पुलिस ने सुलझाने में सफलता पाई है। जांच में खुलासा हुआ कि युवक की हत्या की गई है। हत्या किसी और ने नहीं बल्कि युवक की ही पत्नी ने की है। इस मामले में प्रेम प्रकरण में हत्या का खुलासा हुआ है। पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति की गला दबाकर हत्या कर दी और उसके बाद प्रेमी के साथ फरार हो गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गला दबाने से हत्या का खुलासा होने तथा मृतक के पिता के पुत्र वधू और उसके कथित प्रेमी पर शंका व्यक्त करने पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए दोनों को धर दबोचा है।पुलिस के अनुसार पकड़ी गई आरोपी पत्नी का नाम पायल संजय ठाकोर (25) है। जबकि उसके प्रेमी का नाम राहुल ठाकोर (23) है। यह दोनों ही गणासर गांव में इंदिरा आवास में रहते हैं।
साणंद थाने के पीआइ बी.टी.गोहिल ने रविवार को संवाददाताओं को जानकारी दी कि 10 अप्रेल को गणासर गांव के इंदिराआवास में रहने वाले संजय ठाकोर का उसके घर पर शव मिला था। शरीर पर कोई चोट का निशान नहीं दिख रहा था। इस मामले में आकस्मिक मौत का मामला दर्ज करते हुए शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पीएम की रिपोर्ट में गला दबाने से मौत का खुलासा हुआ। जिससे इस मामले में हत्या के एंगल से जांच शुरू की। मृतक के पिता ने पुत्र संजय की पत्नी पायल और गांव निवासी राहुल पर शंका व्यक्त की, क्योंकि पत्नी घर से गायब थी और राहुल भी लापता था।
उपाधीक्षक आस्था राणा ने रविवार को संवाददाताओं को बताया कि आरोपी पत्नी और उसके प्रेमी राहुल दोनों ने मिलकर संजय ठाकोर की गला दबाकर हत्या कर दी। पति संजय को राहुल के साथ पत्नी पायल के प्रेम संबंध की जानकारी हो गई थी। इसके चलते पति, पत्नी के बीच झगड़े हो रहे थे। घटना के दिन भी झगड़ा होने पर पत्नी ने उसके प्रेमी को बुला लिया था। पत्नी ने तौलिया के जरिए संजय का गला दबा दिया। फिर तकिया से मुंह दबाया, जबकि आरोपी राहुल ने संजय के दोनों हाथ पकड़कर रखे थे। उसके बाद संजय को चारपाई पर सुला कर बाहर से दरवाजा बंद करके दोनों फरार हो गए। इस मामले में पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की मदद ली थी। डॉग आरोपी राहुल के घर तक गया था। इसके बाद तकनीकी सोर्स के आधार पर दोनों आरोपियों को पुलिस ने धर दबोचा है। पुलिस सूत्रों के अनुसार संजय, पायल के तीन संतान हैं।