
राजकोट. जिले के शापर-वेरावल में बिहार मूल के एक युवक का साथ रहने वाले तथा साथ काम करने वाले बिहार के मूल निवासी दो युवक के बीच कारखाने की छत पर शराब पीने को लेकर विवाद हो गया। इस दौरान हथियारों से हमलाकर एक युवक की हत्या कर दी गई। झड़प में आरोपी भी घायल हुआ था। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, बिहार का मूल निवासी और फिलहाल शापर-वेरावल में सुहानी एंटरप्राइज नामक कारखाने में काम कर किराए के कमरे में रहने वाला गुड्डू महंतो (28) का शव कारखाने की छत पर खून से लथपथ हालत में मिला। कारखाने में काम करने वाले श्रमिकों तथा आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर एकत्र हो गई।
सूचना मिलने पर शापर-वेरावल पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए राजकोट के सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। जांच में हत्या की पूरी घटना तथा आरोपी की जानकारी सामने आई।
पुलिस ने मृतक गुड्डू के रिश्तेदार बिहार के पटना के मूल निवासी बहादुर महंतो की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर बिहार के मूल निवासी आरोपी धीरजकुमार तांती को गिरफ्तार किया। प्रारंभिक जांच के अनुसार, बुधवार शाम को गुड्डू और उसके साथ काम करने वाले तथा साथ रहने वाले आरोपी के बीच कारखाने की छत पर शराब पीने को लेकर अथवा किसी अन्य कारण से कहासुनी के बाद मारपीट और झड़प शुरू हुई।
इस दौरान गुस्से में आकर आरोपी ने वहां पड़े रोटी बनाने के लोहे के तवे, टीन के चूल्हे तथा लकड़ी के डंडे से युवक पर ताबड़तोड़ वार किए। हमले में युवक की मौत हो गई। हत्या के बाद आरोपी फरार होने की कोशिश करता, उससे पहले ही शापर पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस निरीक्षक आई.एम. सरवैया, सहायक उप निरीक्षक मुकेशभाई सहित पुलिसकर्मियों ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। मृतक की पत्नी करीब चार दिन पहले ही शादी समारोह में शामिल होने बिहार गई थी। उसे घटना की सूचना दी गई।