अजमेर

1.22 लाख की पोटली लौटाई, दिलशाद की ईमानदारी को मिला सम्मान

Aug 03, 2026
Rajasthan

भाड़ौती. आज के दौर में खोई हुई रकम लौटने की उम्मीद कम ही रहती है, लेकिन गंभीरा निवासी दिलशाद पुत्र सरफूद्दीन (30) ने ईमानदारी की मिसाल पेश करते हुए सड़क पर मिली 1 लाख 22 हजार 100 रुपए की नकदी उसके वास्तविक मालिक को लौटा दी। जानकारी के अनुसार दिलशाद नाई की दुकान पर काम करने के बाद घर लौट रहा था। इसी दौरान भाड़ौती-गंभीरा मोड़ पर उसे सड़क किनारे पॉलिथीन की पोटली मिली, जिसमें नकदी रखी थी। जानकारी जुटाने पर पता चला कि यह रकम कमल मीणा की है, जिनकी भाड़ौती टोल प्लाजा के पास नर्सरी है। दुकान बंद कर घर लौटते समय उनकी पोटली रास्ते में गिर गई थी। काफी तलाश और पुलिस में परिवाद देने के बाद भी रकम नहीं मिली। सूचना मिलने पर दिलशाद ने पूरी राशि सुरक्षित लौटा दी। रविवार को भाड़ौती सरपंच दीनदयाल मीणा और नाथूलाल पटेल ने साफा बंधवाकर दिलशाद का सम्मान किया तथा उसकी ईमानदारी की सराहना की।

Updated on:
03 Aug 2026 06:02 am
Published on:
03 Aug 2026 06:02 am