अजमेर

Instagram वाली ‘पुष्पा’ की लव स्टोरी का अंत! छत्तीसगढ़ से आशिक संग राजस्थान आई 1 बच्चे की मां की मौत

सोशल मीडिया पर प्रेम संबंध के बाद रायपुर की विवाहिता पुष्पा प्रेमी के साथ घर से निकली थी। रास्ते में तबीयत बिगड़ने पर उसे अजमेर के जेएलएन अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
2 min read
• •
Oct 15, 2026
Instagram Love Story
अजमेर के जेएलएन अस्पताल में - बैठा ताराचन्द (फाइल फोटो)

मनीष कुमार सिंह

अजमेर. सोशल मीडिया पर परवान चढ़े प्यार के रिश्ते का अजमेर के जवाहरलाल नेहरू अस्पताल में तीन दिन पहले अंत हो गया। छत्तीसगढ़ के रायपुर से प्रेमी के साथ निकली विवाहिता की सफर के दौरान तबीयत बिगड़ने से उपचार के दौरान यहां मौत हो गई। मामले में विवाहित प्रेमी को रायपुर पुलिस अपने साथ ले गई, जबकि पुष्पा का शव परिजनों के इंतजार में जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है। पुष्पा के अपहरण की रिपोर्ट रायपुर में दर्ज होना भी पता चला है। डीडवाना-कुचामन के मीठड़ी निवासी ताराचंद खटीक और रायपुर (छग) निवासी पुष्पा इंस्टाग्राम पर संपर्क में आए थे। नजदीकियां बढ़ने पर दोनों ने साथ रहने का निर्णय किया। ताराचंद रायपुर पहुंचा और पुष्पा को साथ लेकर रवाना हो गया। हालांकि, पुष्पा के एक संतान भी थी।

राह में बिगड़ी तबीयत, अस्पताल में मौत

पत्रिका की पड़ताल में सामने आया कि प्रेमी युगल गंतव्य तक पहुंचता, इससे पहले ही रास्ते में पुष्पा की तबीयत बिगड़ गई। ताराचंद उसे 10 अक्टूबर को जेएलएन अस्पताल लेकर पहुंचा और पत्नी बताकर भर्ती कराया। पहचान के दस्तावेज मांगे जाने पर दिए आधार कार्ड से विवाहिता का छत्तीसगढ़ के रायपुर की होना सामने आया। हालांकि इस सबके बीच चिकित्सकों ने उपचार शुरू किया, लेकिन 11 अक्टूबर को पुष्पा की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार पुष्पा को पूर्व से हृदय रोग था। मौत के बाद दस्तावेजों की जांच में उसकी पहचान और पारिवारिक पृष्ठभूमि सामने आई, जिससे पुलिस भी हारान रह गई। रायपुर पुलिस ताराचंद को अपने साथ ले गई, जबकि पुष्पा का शव जेएलएन अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों के आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।

रायपुर में दर्ज है अपहरण का मामला

अस्पताल पुलिस चौकी के सुखपाल सिंह और सिपाही मुकेश ने मामले की जानकारी रायपुर पुलिस को दी। छत्तीसगढ़ पुलिस के रिकॉर्ड में पुष्पा के अपहरण का मामला दर्ज होना पता चला। इसके बाद रायपुर पुलिस अजमेर आकर प्रेमी ताराचंद को अपने साथ ले गई। जानकारी के अनुसार ताराचंद भी विवाहित हैं। पुलिस मामले के विभिन्न पहलुओं की जांच कर रही है।

इनका कहना है…

छत्तीसगढ़ की विवाहिता का शव मोर्चरी में रखा है। मौत के बाद उसके रायपुर निवासी होने और प्रेम प्रसंग की जानकारी मिली। ताराचंद को छत्तीसगढ़ पुलिस के सुपुर्द किया गया है। रायपुर पुलिस व परिजन के आने के बाद पोस्टमार्टम की कार्रवाई हो सकेगी।
- सुखदेव, चौकी प्रभारी, जेएलएन अस्पताल, अजमेर

Updated on:
15 Oct 2026 10:35 am
Published on:
15 Oct 2026 10:31 am