
Jaipur Accident: हादसे में क्षतिग्रस्त कार एवं मृतका तुलसी देवी ( फोटो-पत्रिका)
जयपुर। सीकर रोड पर बुधवार दोपहर एक रोडवेज बस अचानक बेकाबू हो गई और देखते ही देखते सड़क पर चल रहे वाहन उसकी चपेट में आ गए। खेतान चौराहे के पास हुए इस हादसे में बस ने दो कारों, एक स्कूटी और एक बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी बस के अगले टायर के नीचे फंस गई। हादसे में बाइक पर अपने बेटे के साथ जा रही 49 वर्षीय तुलसी देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। दुर्घटना में स्कूटी सवार भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और सड़क पर यातायात बाधित हो गया।
मुरलीपुरा थानाधिकारी वीरेंद्र कुरील के अनुसार, हादसा बुधवार दोपहर करीब 2:45 बजे खेतान चौराहे के पास हुआ। श्रीमाधोपुर से जयपुर आ रही रोडवेज बस अचानक अनियंत्रित हो गई। प्रारंभिक पूछताछ में चालक ने बताया कि ब्रेक नहीं लगने के कारण बस पर नियंत्रण नहीं रहा। उसने ब्रेक के नीचे कोई वस्तु आ जाने की बात भी कही है। हालांकि, दुर्घटना की वास्तविक वजह की पुलिस जांच कर रही है। प्रत्यक्ष घटनाक्रम के मुताबिक, बस की चपेट में पहले दो कारें आईं। इसके बाद बस ने स्कूटी और बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर के कारण कारें क्षतिग्रस्त हो गईं, जबकि स्कूटी बस के अगले टायर के नीचे बुरी तरह फंस गई। अचानक हुए इस हादसे से आसपास मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया।
हादसे में जान गंवाने वाली तुलसी देवी की उम्र 49 वर्ष थी। वह अपने बेटे के साथ बाइक पर सवार होकर विद्याधर नगर से भगत की ढाणी स्थित अपने घर जा रही थीं। दुर्घटना में उन्हें गंभीर चोटें आईं। अस्पताल ले जाते समय उनकी हालत नाजुक थी और उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया। उनके बेटे को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। वहीं, स्कूटी सवार महेश चौधरी के पैर में फ्रैक्चर हुआ है। उन्हें भी गंभीर चोटें आई हैं। दुर्घटना में दो कारें और दोपहिया वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं।
हादसे के तुरंत बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने बस चालक को पकड़ लिया और पुलिस के हवाले कर दिया। सूचना मिलने पर मुरलीपुरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया, जिसके बाद यातायात बहाल कराया गया। पुलिस ने बस चालक राकेश कुमार बिजारणियां को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। चालक श्रीमाधोपुर क्षेत्र का निवासी बताया गया है। पुलिस दुर्घटना के कारणों, बस के ब्रेक में आई कथित खराबी और घटनाक्रम की परिस्थितियों की जांच कर रही है।
Updated on:
14 Oct 2026 09:56 pm
Published on:
14 Oct 2026 09:56 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
