
Ajmer Road Show : राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने भाजपा कार्यकर्ताओं से निकाय चुनाव में पार्टी प्रत्याशियों को प्रचंड बहुमत से जिताने का आह्वान करते हुए कहा कि भाजपा में संगठन सर्वोपरि है। पार्टी ने जिस कार्यकर्ता को टिकट दिया है, सब उसे ही सर्वोपरि मानकर उसके साथ जुटें। उन्होंने कहा कि व्यक्तिगत पसंद, नापसंद से ऊपर उठकर पार्टी के प्रत्याशी को विजय दिलाना ही प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है।
रविवार दोपहर अजमेर में रोड शो के बाद मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा होटल मेरवाड़ा स्टेट में कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में शामिल हुए। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं की पार्टी है, यहां संगठन के निर्णय का सम्मान सर्वोपरि है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से सबको साथ, निष्ठा, एकजुटता के साथ में काम करने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कार्यकर्ताओं का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि मेरे पास ऐसा पिटारा है, जिसको चुनाव के बाद खोला जाएगा। उन्होंने कहा कि जो कार्यकर्ता चुनाव में निष्ठा से काम करेगा, सब्र रखेगा और पार्टी के लिए लगातार मेहनत करेगा, उसे इस पिटारे में से कुछ न कुछ अवश्य मिलेगा।
उन्होंने कहा कि भाजपा में सामान्य कार्यकर्ता के लिए भी आगे बढ़ने के अवसर हैं। भाजपा ही ऐसी पार्टी है जहां चाय बनाने वाला व्यक्ति प्रधानमंत्री, मंडल अध्यक्ष मुख्यमंत्री बन सकता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को पद या व्यक्तिगत अपेक्षा के बजाय पार्टी को सर्वोपरि रखते हुए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में प्रत्याशियों के साथ में जुटने का आह्वान किया।
कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम में नगर निकाय चुनाव के लिए प्रभारी बनाए गए पदाधिकारियों को विशेष रूप से बुलाया गया। मुख्यमंत्री भजनलाल ने चुनावी तैयारियों और संगठन की भूमिका को लेकर कार्यकर्ताओं से संवाद किया। उन्होंने सभी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से आपसी समन्वय के साथ बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने व पार्टी प्रत्याशी के पक्ष में माहौल बनाने पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री भजनलाल ने कहा कि भाजपा का लक्ष्य केवल चुनाव लड़ना नहीं, बल्कि संगठन की ताकत, कार्यकर्ताओं की मेहनत के दम पर प्रचंड बहुमत हासिल करना है। जहां मुख्यमंत्री को साफा बांध कर स्वागत किया गया। वहीं भाजपा कोषाध्यक्ष प्रवीन जैन और अमित जैन ने अजमेर के नगर निगम के 80 वार्ड की तस्वीर भेंट की।
कार्यकर्ता संवाद से पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने मेरवाड़ा स्टेट में भाजपा जिला कोर कमेटी की बैठक ली। केन्द्रीय कृषि मंत्री भागीरथ चौधरी, जल संसाधान मंत्री सुरेश रावत, विधायक अनिता भदेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रमेश सोनी, देहात अध्यक्ष जीतमल प्रजापत, देवनारायण बोर्ड के अध्यक्ष ओमप्रकाश भंडाणा, राज्य वित्तय आयोग के अध्यक्ष अरूण चतुर्वेदी, अजमेर प्रभारी मोहनलाल गुप्ता, नगर निगम की निवर्तमान महापौर ब्रजलता हाड़ा, उपमहापौर नीरज जैन, प्रदेश उपाध्यक्ष सरिता गैना, प्रदेश प्रवक्ता अरविन्द गिरधर शर्मा, अरविन्द यादव समेत बड़ी संख्या में पदाधिकारी मौजूद थे।