
Bahadur Singh Koli : पेयजल समस्या पर विधायक को घेरा। फोटो पत्रिका
Bahadur Singh Koli : हलैना. गांव धरसोनी में शुक्रवार को कुश्ती दंगल में पहुंचे वैर के भाजपा विधायक बहादुर सिंह कोली को ग्रामीणों के विरोध का सामना करना पड़ा। विरोध बढ़ता देख विधायक को कार्यक्रम छोड़कर जाना पड़ा। इतना ही नहीं ग्रामीणों ने विधायक को जमकर खरी-खोटी सुनाई और अपशब्द भी कहे। विरोध का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। बताते हैं कि गांव धरसोनी में जल जीवन मिशन के तहत उच्च जलाशय का निर्माण कराया गया था। उससे अभी तक पानी सप्लाई शुरू नहीं हुई है।
पिछले काफी समय से विभाग से लेकर जनप्रतिनिधियों से ग्रामीणों की ओर से शिकायत भी की गई है, लेकिन अभी तक कोई परिणाम नहीं निकला है। पूर्व में यह मामला ग्रामीणों ने उठाया था, लेकिन रसूख के दबाव में कोई निराकरण नहीं हुआ।
अब विधायक बहादुर सिंह कोली जब कार्यक्रम में पहुंचे तो ग्रामीणों ने उन्हें घेर लिया और उनके खिलाफ नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया। वायरल वीडियो में एक युवक कहता हुआ दिखाई दे रहा है कि यह सिर्फ वोट मांगने के लिए गांव में आता है। अबकी बार चुनाव लड़ना, जमानत तक जब्त हो जाएगी। साथ ही हैसियत दिखाने का उलाहना देते हुए युवक आपत्तिजनक शब्द का भी उपयोग करता नजर आ रहा है। ज्यादा विरोध होते देख समर्थक, विधायक को वहां से निकाल ले गए।
1- वर्ष 2019 में बहादुर सिंह कोली स्टिंग मामले में फंस चुके हैं। इसके बाद उनकी सांसद की टिकट कट गई थी। इस स्टिंग में उन्होंने भाजपा की ओर से सांसद पद के प्रत्याशी को चुनाव लडऩे के लिए करोड़ों रुपए एंबुलेंस के माध्यम से आने की बात कबूल की थी। इसको लेकर उनकी काफी फजीहत भी हुई थी।
2- 27 जुलाई 2016 को लुधावई टोल प्लाजा पर सुरक्षाकर्मी को थप्पड़ जडऩे के बाद विवादों में आए थे।
3- आठ नवंबर 2023 को विधायक कोली का एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें वे एक समाज के लोगों को अपशब्द कहने के साथ ही एसपी व मुख्यमंत्री तक को पीट देने की बात कह रहे थे। बाद में वे बात से पलट गए।
4- 10 मार्च 2024 को जयपुर में विधायक बहादुर सिंह कोली, पीएसओ गजेंद्र सिंह मीणा के साथ मारपीट का मामला सामने आया था। उन्होंने जयपुर के एक प्रॉपर्टी कारोबारी के खिलाफ मामला दर्ज कराया था। मामला भूखंड की खरीद से जुड़ा था।
5- अप्रेल 2024 को हुई यूपी के मुख्यमंत्री की चुनावी सभा से पहले स्थान का निरीक्षण करने के दौरान भाजपा की महिला कार्यकर्ता को चोर व भ्रष्टाचारी कहते हुए उनके खिलाफ कांग्रेस के विधायक से 50 लाख रुपए लेकर चुनाव लड़ने तक का आरोप लगा दिया था।
6- 10 वर्ष पहले बहादुर सिंह कोली के साथ ट्रेन में भी मारपीट का मामला सामने आया था।
7- महाराजा सूरजमल बृज विश्वविद्यालय की 21 नवंबर को हुई बोम की बैठक में विधायक कोली ने घोटाले के आरोपियों की ओर से रिश्वत में 50 लाख रुपए देने की पेशकश करने का आरोप लगाया था।
8- 11 दिसंबर 2025 को एक सरकारी स्कूल के प्रिंसिपल को ही धमका दिया। इतना ही नहीं प्रिंसिपल भी विधायक की हर बात का उल्टा ही जवाब देता रहा। ऐसे में विधायक ने भी उसे गांव का नाम लेकर डराया। उनकी बातचीत का भी ऑडियो वायरल हुआ था।
Updated on:
05 Sept 2026 08:19 pm
Published on:
05 Sept 2026 08:17 pm
