अजमेर

CBSE 10th Result 2026: सीबीएसई ने 10वीं का रिजल्ट जारी किया, बेटियां अव्वल, अजमेर रीजन टॉप-10 में नीचे खिसका

CBSE 10th Result: सीबीएसई 10वीं का रिजल्ट जारी होते ही बेटियों ने एक बार फिर बाजी मार ली। वहीं 94.78 प्रतिशत परिणाम के बावजूद अजमेर रीजन की रैंकिंग में गिरावट दर्ज की गई है।

2 min read
Apr 15, 2026
एआई तस्वीर

अजमेर। सीबीएसई ने दसवीं का परिणाम बुधवार को घोषित कर दिया। बेटियां एक बार फिर टॉप पर रही हैं। सीबीएसई के इतिहास में पहली बार अप्रेल में परिणाम जारी किया गया है। देश में अजमेर रीजन का दसवीं का परिणाम 94.78 प्रतिशत (पिछले साल 95.44 प्रतिशत) रहा है। पिछले साल के मुकाबले परिणाम में 0.66 प्रतिशत की गिरावट दर्ज की गई है।

यह वीडियो भी देखें

ये भी पढ़ें

Rajasthan: 5 जिलों के 2000 गांवों और 7 शहरों के लिए राहत भरी खबर, इस साल भरेगा पश्चिमी राजस्थान का सबसे बड़ा जलाशय

दसवीं में चार पायदान लुढ़का

अजमेर रीजन 94.78 प्रतिशत के साथ देश में दसवें स्थान पर रहा है। पिछले साल 95.44 प्रतिशत के साथ रीजन छठे स्थान पर था। इस बार यह चार पायदान नीचे लुढ़क गया है। जबकि 2024 में यह पांचवें स्थान पर रहा था।

नहीं जारी की मेरिट लिस्ट

सीबीएसई की दसवीं की परीक्षाएं 17 फरवरी से 11 मार्च तक आयोजित की गई थीं। सीबीएसई ने इस बार भी टॉपर्स की मेरिट लिस्ट जारी नहीं की है। दसवीं के विद्यार्थियों की अंकतालिका और माइग्रेशन सर्टिफिकेट डिजिटल लॉकर में भेजे जाएंगे। विद्यार्थी पिन नंबर, आधार नंबर और रजिस्टर्ड मोबाइल नंबर से लॉकर का उपयोग कर सकेंगे।

मई में टर्म-2 परीक्षा

दसवीं की टर्म-2 परीक्षा मई में होगी। इसमें अधिकतम 3 विषयों में सुधार का अवसर मिलेगा। इसके अलावा 2 विषयों में फेल छात्रों को कंपार्टमेंट श्रेणी में रखा गया है। तीन या उससे अधिक विषयों में फेल छात्रों को 2027 की मुख्य परीक्षा देनी होगी।

वहीं जयपुर की छात्रा निशा भाटिया ने 10वीं में 98 प्रतिशत अंक हासिल किए हैं। उन्होंने अपनी इस सफलता का श्रेय माता-पिता और गुरुजनों को दिया है। उनके पिता का नाम दीपक कुमार भाटिया और माता का नाम जाग्रति है।

फैक्ट फाइल

कुल पंजीकृत विद्यार्थी: 98 हजार 779
परीक्षा में बैठे कुल विद्यार्थी: 98 हजार 529
परीक्षा में बैठे छात्र: 57 हजार 188
परीक्षा में बैठी छात्राएं: 41 हजार 341

माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की पूरक परीक्षाओं के आवेदन शुरू

वहीं दूसरी ओर राजस्थान माध्यमिक शिक्षा बोर्ड की वर्ष 2026 की पूरक परीक्षाओं के लिए बुधवार से आवेदन भरने शुरू हो गए। सचिव गजेन्द्र सिंह राठौड़ ने बताया कि नियमित और स्वयंपाठी परीक्षार्थियों के लिए पूरक परीक्षा आवेदन 22 अप्रेल तक भरे जाएंगे। इसके अलावा 23 से 27 अप्रेल तक विलंब शुल्क के साथ आवेदन किए जा सकेंगे। 28 अप्रेल से पूरक परीक्षा प्रारंभ होने तक असाधारण विलंब शुल्क के साथ आवेदन स्वीकार किए जाएंगे। दसवीं और बारहवीं की पूरक परीक्षाएं (सैद्धांतिक) 14 से 16 मई तक होंगी। प्रायोगिक परीक्षाएं 7 मई से निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर आयोजित की जाएंगी।

ये भी पढ़ें

Rajasthan Politics : ‘बर्खास्त करने लायक है यह सरकार’, पंचायत-निकाय चुनाव टालने पर भड़के अशोक गहलोत
Also Read
View All