अजमेर

Ajmer Murder Case: दिल्ली के युवक की अजमेर में हत्या, FSL टीम ने जुटाए साक्ष्य; सामने आई पुरानी रंजिश

Rajasthan Crime: पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि बरकत का खानाबदोश के साथ दरगाह लंगरखाना गली में बंटने वाले लंगर की लाइन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था। मंगलवार देर रात दोनों के बीच फिर डिग्गी चौक में कहासुनी हुई, जो देखते-देखते हिंसक झगड़े में बदल गई।

2 min read
Jun 11, 2026
Ajmer Murder Case
युवक की हत्या के बाद मौके पर मौजूद पुलिस। फोटो: पत्रिका

Ajmer Crime: अजमेर। शहर के कोतवाली थाना क्षेत्र में देर रात पुरानी रंजिश खूनी संघर्ष में बदल गई। डिग्गी चौक के पास हुए विवाद में 20 वर्षीय युवक बरकत की चाकू मारकर निर्मम हत्या कर दी गई। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसको मृत घोषित कर दिया। वारदात के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी। पुलिस के अनुसार वारदात रात करीब 2:30 बजे डिग्गी चौक सांई गेस्ट हाउस के सामने पेश आई।

कोतवाली थानाप्रभारी अनिल देव ने बताया कि अस्पताल चौकी से सूचना मिली थी कि चाकू से घायल एक युवक को उपचार के लिए अजमेर के जेएलएन अस्पताल लाया गया है। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। चिकित्सकों ने उपचार के दौरान घायल बरकत को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की प्रारंभिक पड़ताल में सामने आया कि डिग्गी चौक क्षेत्र में बरकत का खानाबदोश के साथ दरगाह लंगरखाना गली में बंटने वाले लंगर की लाइन को लेकर पुराना विवाद चल रहा था।

पुराने विवाद के बाद फिर कहासुनी

मंगलवार देर रात दोनों के बीच फिर डिग्गी चौक में कहासुनी हुई, जो देखते-देखते हिंसक झगड़े में बदल गई। बरकत ने बचकर भागने का भी प्रयास किया लेकिन आरोपी ने बरकत का पीछा कर पन्नीग्रान चौकी से पहले चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। खास बात यह है कि बरकत के दो साथी वारदात के चश्मदीद गवाह है। पुलिस ने दोनों से घटनास्थल की तस्दीक करवाई है।

दो माह पहले ही परिवार सहित आया था अजमेर

मृतक बरकत मूलरूप से दिल्ली का रहने वाला था। वह करीब दो माह पहले परिवार के साथ में दरगाह क्षेत्र स्थित सिलावट मोहल्ला में आकर रहने लगा था। मजदूरी कर वह अपने परिवार का भरण-पोषण करता था। उसकी शादी को अभी महज एक वर्ष ही हुआ था। युवक की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।

एफएसएल टीम ने जुटाए साक्ष्य

गुरूवार सुबह पुलिस उप अधीक्षक शिवम जोशी, कोतवाली थानाप्रभारी अनिलदेव, एफएसएल टीम के साथ घटनास्थल डिग्गी चौक को भी मौके पर बुलाया। पुलिस टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर महत्वपूर्ण साक्ष्य एकत्र किए। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि वारदात के क्रम और आरोपी की गतिविधियों की पुष्टि की जा सके।

आरोपी की तलाश में दबिश

सीओ जोशी ने बताया कि आरोपी की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। उनका कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी खानाबदोश को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा। वारदात के बाद डिग्गी चौक और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय लोगों ने देर रात हुई इस हत्या पर चिंता जताई है। पुलिस ने अतिरिक्त जाप्ता तैनात करके निगरानी बढ़ा दी है। इधर, पुलिस ने संदिग्धों की धरपकड़ शुरू कर दी है।

Published on:
11 Jun 2026 12:00 pm