अजमेर

Govt Job: राजस्थान के अभ्यर्थियों के लिए खुशखबरी, स्कूल व्याख्याताओं की निकली भर्ती, साथ ही की 4 अहम घोषणाएं

RPSC Latest Update: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक-विशेष शिक्षा के 121 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 1 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे।

3 min read
May 22, 2026
फाइल फोटो: पत्रिका

RPSC News: जयपुर. राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने शुक्रवार को विभिन्न भर्ती और परीक्षा प्रक्रियाओं से जुड़े कई अहम अपडेट जारी किए। आयोग ने जहां विशेष शिक्षा विभाग में प्राध्यापक भर्ती का विज्ञापन जारी किया, वहीं आरएएस-2024 के प्रोविजनल अभ्यर्थियों को दस्तावेज जमा कराने का अंतिम मौका भी दिया है। इसके अलावा चिकित्सा शिक्षा विभाग की न्यूरोलॉजी विषय की विचारित सूची जारी की गई और एसआई भर्ती पुनः परीक्षा-2021 के अभ्यर्थियों को फॉर्म अपडेट में राहत प्रदान की गई।

ये भी पढ़ें

Border Area Infrastructure: राजस्थान के सीमावर्ती गांवों में होगा विकास, 232 करोड़ रुपए की मिली मंजूरी

विशेष शिक्षा विभाग में प्राध्यापक भर्ती का विज्ञापन जारी

    pecial Education Lecturer: राजस्थान लोक सेवा आयोग (RPSC) ने माध्यमिक शिक्षा विभाग में प्राध्यापक-विशेष शिक्षा के 121 पदों पर भर्ती का विज्ञापन जारी कर दिया है। आयोग की ओर से जारी सूचना के अनुसार अभ्यर्थी 1 जून 2026 से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन प्रक्रिया 30 जून 2026 की रात 12 बजे तक जारी रहेगी। आयोग ने स्पष्ट किया है कि ऑफलाइन आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे।

    भर्ती से संबंधित शैक्षणिक योग्यता, वर्गवार पदों का विवरण और अन्य जरूरी जानकारी आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करवा दी गई है। आयोग सचिव ने बताया कि परीक्षा तिथि और परीक्षा केंद्रों की जानकारी बाद में अलग से जारी की जाएगी।

    विशेष शिक्षा क्षेत्र में सरकारी नौकरी की तैयारी कर रहे अभ्यर्थियों के लिए यह भर्ती महत्वपूर्ण मानी जा रही है। लंबे समय से भर्ती का इंतजार कर रहे उम्मीदवार अब निर्धारित समयावधि में आवेदन कर सकेंगे। आयोग ने अभ्यर्थियों को अंतिम तिथि का इंतजार नहीं करने और समय रहते आवेदन प्रक्रिया पूरी करने की सलाह दी है।

    आरएएस-2024 के 74 अभ्यर्थियों को दस्तावेज जमा कराने का अंतिम मौका

      RAS Exam 2024: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने आरएएस परीक्षा-2024 के 74 प्रोविजनल अभ्यर्थियों को जरूरी दस्तावेज जमा कराने का अंतिम अवसर दिया है। आयोग के अनुसार साक्षात्कार के दौरान जिन अभ्यर्थियों के दस्तावेज अधूरे पाए गए थे, उन्हें शर्तों के साथ शामिल किया गया था और बाद में दस्तावेज जमा कराने के निर्देश दिए गए थे।

      आयोग ने बताया कि कई बार स्मरण पत्र जारी करने के बावजूद अब तक 74 अभ्यर्थियों ने आवश्यक दस्तावेज जमा नहीं कराए हैं। ऐसे सभी उम्मीदवारों की सूची कारण सहित आयोग की वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है। साथ ही संबंधित अभ्यर्थियों को एसएमएस और ई-मेल के माध्यम से भी सूचना भेजी गई है।

      आयोग ने निर्देश दिए हैं कि संबंधित अभ्यर्थी 1 जून 2026 को सुबह 11 बजे तक व्यक्तिगत रूप से आयोग कार्यालय पहुंचकर मूल दस्तावेज और स्वप्रमाणित प्रतियां जमा कराएं। तय समय तक दस्तावेज जमा नहीं कराने पर अभ्यर्थिता रद्द कर चयन निरस्त कर दिया जाएगा। आयोग ने यह भी स्पष्ट किया कि इसके बाद किसी प्रकार का पत्राचार स्वीकार नहीं किया जाएगा।

      सहायक आचार्य परीक्षा-2024 में न्यूरोलॉजी विषय की विचारित सूची जारी

        Assistant Professor Recruitment: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने सहायक आचार्य (चिकित्सा शिक्षा विभाग) प्रतियोगी परीक्षा-2024 के तहत सुपर स्पेशियलिटी न्यूरोलॉजी विषय की विचारित सूची जारी कर दी है। आयोग ने पात्रता जांच के लिए 22 अभ्यर्थियों को अस्थाई रूप से सूची में शामिल किया है। विस्तृत जानकारी आयोग की वेबसाइट पर उपलब्ध कराई गई है।

        आयोग सचिव ने स्पष्ट किया कि यह सूची केवल दस्तावेज सत्यापन और पात्रता जांच के उद्देश्य से जारी की गई है। इसे साक्षात्कार के लिए अंतिम चयन सूची नहीं माना जाएगा। दस्तावेजों की जांच पूरी होने के बाद ही पात्र अभ्यर्थियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी।

        सूची में शामिल अभ्यर्थियों को आयोग की वेबसाइट से विस्तृत आवेदन पत्र डाउनलोड कर दो प्रतियों में भरना होगा। इसके साथ शैक्षणिक, प्रशैक्षणिक, जाति एवं अन्य आवश्यक प्रमाण पत्रों की प्रतियां भी 1 जून 2026 शाम 6 बजे तक आयोग कार्यालय में जमा करानी होंगी। आयोग ने चेतावनी दी है कि विज्ञापन की शर्तों और नियमों के अनुसार पात्रता पूरी नहीं करने वाले अभ्यर्थियों की उम्मीदवारी रद्द कर दी जाएगी।

        एसआई भर्ती पुनः परीक्षा-2021 में फॉर्म अपडेट के लिए आयोग ने दी राहत

          SI Recruitment Exam: राजस्थान लोक सेवा आयोग ने उप-निरीक्षक भर्ती परीक्षा-2021 की पुनः परीक्षा को लेकर अभ्यर्थियों को बड़ी राहत दी है। आयोग ने बताया कि परीक्षा का आयोजन 20 सितंबर 2026 को किया जाएगा और इसके लिए आवेदन पत्र संशोधन तथा अनिवार्य केवाईसी प्रक्रिया 16 मई से 30 मई तक जारी है।

          आयोग के अनुसार पिछले पांच वर्षों में कई अभ्यर्थियों के मोबाइल नंबर, ईमेल आईडी और एसएसओ आईडी बदल चुके हैं। इसके कारण उम्मीदवारों को पुराने आवेदन खोजने और संशोधन प्रक्रिया पूरी करने में परेशानी आ रही थी। अभ्यर्थियों की सुविधा को देखते हुए आयोग ने पात्र उम्मीदवारों का जरूरी डेटा अपनी वेबसाइट पर सार्वजनिक कर दिया है।

          इस सूची में अभ्यर्थी का नाम, पिता का नाम, जन्म तिथि, आवेदन क्रमांक और मूल एसएसओ आईडी उपलब्ध कराई गई है। इसके साथ ही आयोग की ओर से पंजीकृत मोबाइल नंबरों पर एसएमएस भी भेजे जा रहे हैं। आयोग ने चेतावनी दी है कि 30 मई तक आवश्यक संशोधन और अनिवार्य सहमति दर्ज नहीं करने वाले अभ्यर्थियों के आवेदन स्वतः निरस्त माने जा सकते हैं।

          ये भी पढ़ें

          RPSC 1st Grade Teacher Exam 2025: एग्जाम से 7 दिन पहले मिलेगा परीक्षा जिला, 3 दिन पहले आएगा एडमिट कार्ड
          Published on:
          22 May 2026 07:36 pm
          Also Read
          View All