बाहरी इलाकों और निचली बस्तियों में गलियों और घरों में पानी घुस गया। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ।
अजमेर. मानसून ने अगस्त की शुरूआत धांसू अंदाज में की। घनघोर घटाएं रविवार सुबह शहर में ताबड़तोड़ बरसी। तीन घंटे हुई झमाझम बारिश ने समूचे शहर को जलमग्न कर दिया। जगह-जगह सड़कों-चौराहों पर तेज रफ्तार से पानी उफन पड़ा। बाहरी इलाकों और निचली बस्तियों में गलियों और घरों में पानी घुस गया। इससे जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हुआ। चारों तरफ सिर्फ पानी ही पानी नजर आया।
रात भर से टपका-टपकी करने वाली घटाएं सुबह 5 ताबड़तोड़ बरसना शुरू कर दिया। 7.30 बजे तक जमकर बरसात हुई। मौसम विभाग ने सुबह 8.30 बजे तक 86.8 मिलीमीटर बरसात (साढ़े तीन इंच) दर्ज की। महज 48 घंटे यानि दो दिन में 137 मिलीमीटर बरसात हो चुकी है।
यहां बन गए तरणताल
पानी भरने से जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज, सावित्री चौराहा, रोडवेज बस स्टैंड, मेयो लिंक रोड, राजा साईकिल, सिविल लाइंस, टोडरमल मार्ग, बजरंगगढ़ चौराहा ,अलवर गेट, वैशाली नगर में एमपीएस स्कूल के सामने, ग्लोबल कॉलेज, शास्त्री नगर, पंचशील, केसरगंज, मदन गोपाल मार्ग, रामगंज, सम्राट अशोक उद्यान-जयपुर रोड पर तरणताल बन गए।
दरगाह बाजार बना नहर..
तारागढ़ पहाड़ी क्षेत्र से जबरदस्त पानी उफना। इससे दरगाह बाजार-नला बाजार नहर सा नजर आया। दरगाह के निजाम गेट से दूसरे छोर पर रस्सा बांधकर लोगों को सड़क पार करानी पड़ी। पानी के बहाव में कई वाहन-ठेले बह गए।