
चौथकाबरवाड़ा. तहसील क्षेत्र के डेकवा गांव में आंगनबाड़ी केंद्र पर मंगलवार को सुपोषण दिवस मनाया गया। आंगनबाड़ी कार्यकर्ता टीना योगी ने महिलाओं को संतुलित आहार, एनीमिया से बचाव तथा गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के लिए आवश्यक पोषक तत्वों की जानकारी दी। उन्होंने महिलाओं को स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया। रामनरेशी मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री नारी शक्ति प्रशिक्षण एवं कौशल संवर्धन योजना के तहत महिलाओं एवं बालिकाओं को तीन प्रकार के पाठ्यक्रम निःशुल्क करवाए जाते हैं। इनमें आरएस-सीआईटी (कंप्यूटर प्रशिक्षण), आरएस-सीएफए (जीएसटी एवं टैली वित्तीय लेखांकन प्रशिक्षण) तथा आरएस-सीईएसपी (इंग्लिश स्पोकन एवं व्यक्तित्व विकास प्रशिक्षण) शामिल हैं। ऐसे में इच्छुक महिलाएं इन पाठ्यक्रमों के लिए 25 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकती हैं।इस दौरान महिलाओं को ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के बारे में भी जानकारी दी गई और स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अपने घरों पर तिरंगा फहराने के लिए प्रेरित किया गया।