
बाटोदा÷ स्वामी विवेकानंद राजकीय मॉडल विद्यालय में गतिविधि आधारित शिक्षण के तहत गणित विषय को रोचक और सरल बनाने के उद्देश्य से विशेष शिक्षण गतिविधि आयोजित की गई। इस दौरान विद्यार्थियों को वृत्त, वर्ग, आयत, त्रिभुज सहित विभिन्न ज्यामितीय आकृतियों के माध्यम से गणित की अवधारणाएं समझाई गईं। साथ ही आकृतियों के नाम, उनकी विशेषताओं और दैनिक जीवन में उनके उपयोग की जानकारी भी दी गई। संस्था प्रधान जतीराम मीणा ने बताया कि विद्यालय में बच्चों के सर्वांगीण विकास और शिक्षा की गुणवत्ता बढ़ाने के लिए केवल पुस्तकीय ज्ञान पर निर्भर नहीं रहा जाता, बल्कि गतिविधि आधारित शिक्षण को भी नियमित रूप से अपनाया जाता है। उन्होंने कहा कि खेल-खेल में सीखने से विद्यार्थी विषय को अधिक सहजता से समझते हैं, जिससे उनकी रुचि, आत्मविश्वास और सीखने की क्षमता में वृद्धि होती है। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए विभिन्न आकृतियों की पहचान की और उनसे जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।