अजमेर

अजमेर में प्रेमी संग घर से निकली शादीशुदा नाबालिग, पुलिस-परिजन को देख कुएं में कूदी

अजमेर शहर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में प्रेमी के साथ घर से निकली नाबालिग ने पुलिस, परिजन के पहुंचने से घबराकर कुएं में छलांग लगा दी। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में रहने वाली नाबालिग की सोशल मीडिया पर माखुपुरा क्षेत्र के युवक से दोस्ती हो गई।
2 min read
Jul 02, 2026
Ajmer Love Affair
पालरा की पहाड़ियों में युगल की तलाश में निकली पुलिस। फोटो: पत्रिका

अजमेर। अजमेर शहर के आदर्श नगर थाना क्षेत्र में प्रेमी के साथ घर से निकली नाबालिग ने पुलिस, परिजन के पहुंचने से घबराकर कुएं में छलांग लगा दी। ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसे सुरक्षित बाहर निकाल लिया। पुलिस ने उनको दस्तयाब कर पूछताछ शुरू कर दी है। हालांकि, लड़की के घरवालों ने कानूनी कार्रवाई करने से इन्कार कर दिया है। पुलिस के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्रामीण इलाके में रहने वाली नाबालिग की सोशल मीडिया पर माखुपुरा क्षेत्र के युवक से दोस्ती हो गई।

सोशल मीडिया पर प्यार परवान चढ़ने पर दोनों ने घर से भागने की योजना बनाई और बुधवार को पालरा से बीर गांव की पहाड़ियों की ओर निकल गए। गांव के एक व्यक्ति ने उनको देखकर युवती के परिजन को सूचना दी। परिजन ने तत्काल आदर्शनगर थाना पुलिस को नाबालिग को अगवाकर ले जाने की सूचना दी।

सूचना मिलते ही उपनिरीक्षक दिलीप सिंह मकक्कड़, सहायक उप निरीक्षक पवन यादव मय पुलिस जाप्ते के पालरा व बीर गांव की पहाड़ियों में तलाश शुरू कर दी। पहाड़ी क्षेत्र में मोबाइल नेटवर्क की समस्या के चलते पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाला ने मामले को गम्भीर मानकर सीओ साउथ मनीष बड़गूजर, अलवरगेट थानाप्रभारी नरेन्द्रसिंह जाखड़ व जिला स्पेशल टीम को मदद के लिए रवाना कर दिया।

पालरा की पहाड़ियों में पकड़ा

इधर, युवती के परिजन ने भी तलाश शुरू कर दी। ग्रामीणों ने नाबालिग व युवक को पालरा क्षेत्र की पहाड़ी में पकड़ लिया। उन्होंने परिजन व पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस पहुंचने की भनक लगते ही नाबालिग ने पास के कुएं में छलांग लगा दी। करीब 10 फीट पानी था। नाबालिग के कुएं में कूदने की सूचना पर सिविल डिफेंस की टीम भी मौके पर पहुंची लेकिन उससे पहले ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए उसको कुएं से सुरक्षित बाहर निकाल लिया। तब तक आलाधिकारी व दोनों थाना पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

पहले से शादीशुदा है नाबालिग

जांच में सामने आया कि नाबालिग का विवाह हो चुका है और उसका गौना होना शेष है। दोनों ने बुधवार को घर छोड़ने का फैसला कर लिया था। परिजन ने किसी भी प्रकार की कानूनी कार्रवाई से इन्कार कर दिया। पुलिस युवक से पूछताछ कर पूरे मामले की जांच कर रही है।

Published on:
02 Jul 2026 10:06 am